अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने सौंपा ज्ञापन
Regional Newspost, RB Singh ‘Raaz’,सीधी/MP.
एमपी के एक निजी विद्यालय (Private School) में स्कूल प्रबंधन द्वारा सामूहिक रूप से लगभग तीन दर्जन छात्रों का मुंडन करा दिया गया जिसको लेकर बवाल मचा हुआ है। यह मामला सीधी जिले के जनपद शिक्षा केंद्र मझौली के अंतर्गत मड़वास अंचल का है। इस संबंध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ कार्यवाही के लिए ज्ञापन सौंपा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद नगर इकाई मड़वास के मंत्री शुभम मिश्रा द्वारा तहसीलदार मड़वास को ज्ञापन पत्र दिया गया है जिसमें कहा गया है कि मड़वास में संचालित आर्यन मेमोरियल पब्लिक स्कूल में 26 सितंबर 2023 को अध्यनरत 35 छात्रों का विद्यालय प्रबंधन द्वारा सामूहिक रूप से जबरन मुंडन करा दिया गया।
बताया गया है कि परीक्षा के बाद एक साथ सभी छात्र बाहर निकले, इसी बीच शाला प्रबंधन द्वारा बच्चों को बाल छोटे करवाने के लिए कहा गया। लेकिन बच्चों के बार-बार मना करने के बावजूद सभी बच्चों का जबरन मुंडन करवा दिया गया। ज्ञापन पत्र में मामले के संबंध में त्वरित जांच एवं विद्यालय प्रबंधन के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है। कार्रवाई न होने की स्थिति में आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है।
इनका कहना है
एक निजी विद्यालय में छात्रों का जबरन मुंडन कराने की शिकायत आई है, जिसको अपने वरिष्ठ कार्यालय को भेज दी गई है। उनके निर्देशन पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
धनु कुमार टोप्पो
तहसीलदार मड़वास
