पत्नी की हत्या कर तीन महीने से फरार चल रहा आरोपी अंततः गिरफ्तार

Newspost Desk, MP.

यह घटना रोचक होने के साथ ही चिंताजनक भी है। आखिर 16-17 साल पहले फेरे लेने वाले जोड़े का अंत ऐसा भी हो सकता है, यह कल्पना से परे है।

अब पूरी कहानी:

आगामी विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक रीवा विवेक सिंह द्वारा गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की गिफ्तारी व अपराधियों पर प्रभावी कार्यवाही के हेतु निर्देशित किया गया है। इस निर्देश के अनुक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनकर एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मनगवां डा कृपाशंकर द्विवेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी थाना मनगवां अनूप कुमार उइके के नेतृत्व में अपनी ही पत्नी की हत्या के मामले 3 माह से फरार चल रहे आरोपी पुरुषोत्तम उर्मलिया को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

महिला का शव मिलने से फैली सनसनी

जानकारी के अनुसार बीते 10 जून 2023 को रात करीब 11 बजे थाना मनगवां को सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम सूरा में एक महिला की लाश उसके घर पर पडी है। प्राप्त सूचना पर थाना मनगवां पुलिस मौके पर पहुंची। खाट पर एक महिला की लाश पड़ी थी। जानकारी प्राप्त करने पर मृतका का नाम विनीता उर्मलिया पति पुरुषोत्तम उर्मलिया नि ग्राम सूरा होना पाया गया। उसके चेहरे पर सूजन, मुंह, नाक व गले पर चोट के निशान थे। मृतका का पति पुरुषोत्तम उर्मलिया घर पर नहीं था। आसपास के लोगों द्वारा बताया गया कि पुरुषोत्तम उर्मलिया अपनी पत्नी की हत्या करके फरार हो गया है। तब थाना मनगवां द्वारा अप क्र 284/23 धारा 302 भादवि का पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही थी।

ऐसे हुई गिरफ्तारी:

मामले में आरोपी पुरुषोत्तम उर्मलिया घटना दिनांक से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी हेतु टीम लगातार लगी हुई थी। इसी दौरान दिनांक 26.9.27 को मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि मामले में आरोपी पुरुषोत्तम उर्मलिया सतना रेलवे स्टेशन के आसपास देखा गया है। प्राप्त सूचना पर तत्काल थाना प्रभारी मनगवां के नेतृत्व में एक टीम सतना रवाना हुई तथा रेलवे स्टेशन के आसपास लोगों के ठहरने रुकने के स्थानों पर सघन तलाश की जाने लगी। फलस्वरुप आरोपी पुरुषोत्तम उर्मलिया को पकड़ लिया गया।

आरोपी ने क्या कहा :

आरोपी पुरुषोत्तम उर्मलिया पिता रामायण प्रसाद उर्मलिया उम्र 48 साल निवासी ग्राम सूरा थाना मनगवां जिला रीवा से बारीकी से पूछताछ करने पर उसने बताया कि करीब 16-17 साल पहले बिछिया जिला रीवा में होटल में काम करने के दौरान विनीता सोंधिया से प्रेम प्रसंग हो गया था। जिसके बाद उन्होंने मंदिर में विवाह कर लिया और सूरा गांव में ही पति पत्नी बनकर रहने लगे। हमारे कोई बच्चे नहीं हुए। पिछले कुछ सालों से मेरी पत्नी का चाल चलन बिगडने लगा और वह अक्सर गांव से कभी रीवा, कभी सतना तो कभी मैहर भाग जाती थी। फिर मैं उसे खोजकर वापस लाता था।

इसी साल जून में मेरी पत्नी विनीता मैहर भाग गई थी जिसे मैं वापस लेकर आया था। मैं उसे समझाता था पर वह नहीं मानती थी। इसी कारण हम लोगों में झगडा विवाद होता रहता था। दिनांक 10.6.2023 की शाम करीब 7- साढ़े 7 बजे मैं अपनी पत्नी को समझा रहा था तो वह मुझसे बहस करने लगी। तब मैंने मुक्कों से उसके मुंह व नाक पर घूसे मारे वह कमरे में रखे खाट पर लेट गई तो मैने अपने हाथों से उसके मुँह नाक व गला को दबाकर हत्या कर दी और फरार हो गया था।

कार्रवाई दल में ये रहे शामिल :

उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी अनूप कुमार उईके, सउनि नीरज सिंह, सउनि शियाशरण रावत, प्र आर अवधेश तिवारी, आर अमित, आर अवधराज तथा सायबर सेल जिला रीवा की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *