Newspost, Regional Desk.
ग्रामीण क्षेत्रों के बाद अब शहरी थाना क्षेत्र चोरों के टारगेट पर, बरगवां में दो ज्वेलर्स के शटर टूटे, लाखों के गहने और डीवीआर भी उठा ले गए चोर
सोना और चांदी की अप्रत्याशित रूप से बढ़ी कीमतों ने ज्वेलरी कारोबारियों की मुसीबत बढ़ा दी है। मध्य प्रदेश का पावर कैपिटल और प्रदेश को सबसे अधिक राजस्व देने वाले सिंगरौली जिला के ग्रामीण इलाकों के आभूषण विक्रेताओं के यहां चोरी की घटना कारित करने के बाद अब प्रशिक्षित व शातिर चोरों के टारगेट पर आ गया है।
बरगवां थाना क्षेत्र के दो ज्वेलरी दुकानों पर चोरों ने फेरा झाड़ू
बुध व गुरुवार की मध्य रात्रि सिंगरौली जिला मुख्यालय से महज 25 किमी तथा बरगवां थाना से कुछ ही मीटर की दूरी पर बाजार में स्थित दो आभूषण दुकानों का शटर तोड़कर दुस्साहसी चोरों ने लाखों के आभूषणों की चोरी तो की ही वे अपने साथ साथ वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी उड़ा ले गए।
जानकारी के अनुसार, बरगवां थाना क्षेत्र और स्थानीय बाजार में स्थित सेठ रामकृपाल एवं सेठ विनोद की ज्वेलरी दुकानों के ताले तोड़कर चोर लाखों रुपए मूल्य के सोने–चांदी के गहने समेट ले गए। चोर इतने शातिर थे कि वे अपनी पहचान छुपाने के लिए इन दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी उठा ले गए। दोनों ज्वेलरी शॉप सीएम राइज (सांदीपनि) स्कूल के समीप स्थित हैं।
घटना की सूचना आज गुरुवार की सुबह मिलने पर बरगवां निरीक्षक मो समीर के साथ मौके पर पहुंचा पुलिस बल औपचारिकताओं में जुट गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किया और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की गई। चोरी के तरीके और आने जाने के संभावित मार्गों का चिन्हांकन कर प्रकरण का खुलासा करने की कवायद में पुलिस जुट गई है।
जिम्मेदारी से बचने के प्रयास -
थाने से कुछ ही मीटर की दूरी पर स्थित दो सर्राफा व्यापारियों की दुकान में हुई बड़ी चोरी की घटना को लेकर पुलिस उहापोह में है। वह इस घटना की जिम्मेदारी से बचने का प्रयास करती दिख रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार इन सर्राफा व्यापारियों द्वारा निजी सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था नहीं करने तथा दुकानों के पीछे खुला खेत होने को खामी के रूप में बताने का प्रयास किया जा रहा है।
स्थानीय पुलिस ने सुरक्षा गार्ड नहीं होने तथा दुकानों के पिछवाड़े खुला खेत होने को महत्वपूर्ण कारण बताते हुए बताया कि इससे चोरों को घटना करने और वहां से भाग निकलने में सहायता मिली। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। वहीं इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की जा रही है।
विदित हो कि इस घटना के पहले चितरंगी और जियावन थाना क्षेत्र में आभूषण की दुकानों में चोरी की घटना हो चुकी है। वहां भी चोरों ने शटर तोड़कर चोरी की घटना की थी। हालांकि वहां वे डीवीआर लेकर नहीं भागे थे।
