लोकसभा चुनाव: किसान व जन संगठन तथा राजनीतिक दल के लोगों ने की साझा बैठक

Newspost, Regional Desk, R. Gupta.

वैढ़न (सिंगरौली), मध्य प्रदेश। किसान संगठन, जन संगठन और राजनीतिक दलों की साझा बैठक विश्राम गृह वैढ़न में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता टोंको-रोंको-ठोको- क्रांतिकारी मोर्चा के संयोजक उमेश तिवारी ने की। बैठक के उद्देश्यों पर बात रखते हुए क्रन्तिकारी मोर्चा के संयोजक उमेश तिवारी ने कहा कि जिस आजादी के खुले आंगन में हम सांस ले रहे हैं उस फिजा में स्वतंत्रता आंदोलन के बलिदानियों की कुर्बानी एवं क्रांतिवीरों के रक्त से लाल हुई धरती की महक समाहित है। स्वतंत्रता की लड़ाई में जिन्होंने नाखून नहीं कटाया वही आज स्वयंभू मालिक बन बैठे हैं। संघियों की इस साजिश का सहारा लूट और झूठ है।

श्री तिवारी ने कहा कि भाजपा ने 10 वर्ष के अपने कार्यकाल में किया कुछ नहीं अब महापुरुषों की विरासत की लूट और जनता से झूठ के वादों से 2024 के लोकसभा चुनाव में सत्तासीन होने की कोशिश में है। साझा बैठक का मकसद है- ऐसा वातावरण तैयार करना कि मतदाता भाजपा के लूट और झूठ को दरकिनार करके सीधी संसदीय क्षेत्र में अपने तरक्की के मुद्दों पर मतदान करें।

उन्होंने सीधी संसदीय क्षेत्र में कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों को गिनाते हुए कहा कि सिंगरौली जिले में विस्थापन एवं पर्यावरण विनाश गंभीर विषय है, इस पर रोक लगनी चाहिए। उन्होंने सिंगरौली जिले के उद्योगों में नौकरी में स्थानीय नौजवानों को 70 % आरक्षण, ललितपुर सिंगरौली रेल मार्ग का निर्माण, सीधी सिंगरौली राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण, मूसामूड़ी एवं भुमका के किसानों की भूमियों का अधिग्रहण निरस्त करना, संजय टाइगर रिजर्व के सीधी जिले के 52 गांव का जवरिया विस्थापन रोकना एवं ब्योहारी अंतर्गत बफर जोन के प्रभावितों का पुनर्वास, वाणसागर बांध से डूब में आये ब्योहारी क्षेत्र के 69 गाँव के ग्रामीणों को रोजगार एवं पुनर्वास, गुलाब सागर डूब से प्रभावित आदिवासियों की परसंपत्ति का मुआवजा दिया जाना, अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री बघवार को अवैध तरीके से खनन हेतु दिये गये कैमूर पहाड़ के खनन पर रोक, सोन नदी सहित अन्य नदियों में अवैध उत्खनन पर रोक, महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बेलगाम नौकरशाही पर लगाम आदि को ज्वलंत मुद्दा बताया।

बैठक में कांग्रेस पार्टी सीधी के वरिष्ठ नेता राजेंद्र सिंह भदौरिया ने कहा कि भाजपा यदि सक्षम होती तो वह मंदिर मस्जिद और हिंदू मुसलमान पर वोट ना मांगती। वोट उसे अपने किए कामों पर मांगना था। भाजपा की सच्चाई जनता तक पहुंचाने की जरूरत है यह साझा प्रयास इसीलिए है। बैठक में सामाजिक कार्यकर्ता अवधेश जी ने कहा कि मौजूदा सरकार असहमति की बात सुनने को तैयार नहीं है, सरकारी तंत्र को भी इसी अनुरूप ढाल दिया गया है। सरकारी अधिकारी कर्मचारी आम आदमी को दोयम दर्जे का मानकर व्यवहार करता है। बैठक में अपनी बात रखते हुए विस्थापित एकता मंच सिंगरौली के लक्ष्मीचन्द द्विवेदी ने कहा कि सिंगरौली में विस्थापन बहुत बड़ी समस्या है उसकी लड़ाई हम लोग लड़ भी रहे हैं इस सरकार को हटाने पर ही सिंगरौली को न्याय मिलेगा। बैठक में अपनी बात रखते हुए सामाजिक कार्यकर्ता अंजनी तिवारी ने कहा कि भाजपा देश में भ्रम फैला रही है कि भाजपा ही जीतेगी इस भ्रम को तोड़ने के लिए यह साझा बैठक हो रही है।

माकपा नेता का. राम लल्लू गुप्ता ने कहा कि संविधान खतरे में है। न्यायालय पर शिकंजा कसने की कोशिश की जा रही है। पुलिस को मनमानी अधिकार देकर तानाशाही लादने का षड्यंत्र किया जा रहा है। भाकपा नेता का. संजय नामदेव ने कहा कि मुद्दों पर चुनाव होना ही चाहिए जनता तक बात पहुँचाने क़ी रणनीति बनाना होगा। बैठक में कांग्रेस नेता बालमुकुंद सिंह परिहार ने कहा कि सिंगरौली जिले में विस्थापित लोग परेशान हैं। बाकी लोग चिंतित हैं कि किसी दिन मेरा भी नंबर विस्थापित क़ी सूची में आ जाएगा। भाजपा की सरकार वोटर नहीं इवीएम मशीन बनाती है। कांग्रेस महामंत्री सिद्धनाथ साहू ने कहा कि भाजपा को लोकसभा चुनाव हराने में हम अपनी पार्टी के साथ पूरा समय और सहयोग देंगे। श्याम किशोर जायसवाल सामाजिक कार्यकर्ता ने कहा कि डर पैदा करके वोट को लूटने का काम भाजपा कर रही है। अपनी बात रखते हुए कांग्रेस पार्टी के उपाध्यक्ष बालेंद्र वर्मा ने कहा कि भाजपा ने पूरे देश में भय का वातावरण सरकारी तंत्र और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से बनाया है, भाजपा चुनाव जीतती नहीं है वोट चोरी करती है। एक चैनल के प्रमुख अतुल कुमार दुबे ने कहा कि भाजपा सरकार 5 साल सोई रहती है जनता के मुद्दों पर आँख मूदें रहती है उसके नुमाइंदे अपने धंधे को बढ़ाने में मशगूल रहते हैं चुनाव आते ही वोट लूटने की जुगत भाजपा करने लगती है।
बैठक में विवेक कोल समाजसेवी सीधी, लालबाबू कुशवाहा, रामेश्वर सिंह भाकपा, अक्षय कुमार ज्ञानी भाक़पा, अजब कुमार सिंह भाकपा, महेंद्र सिंह भाकपा, अणुव्रत तिवारी स्वराज इंडिया, सूर्य प्रताप साकेत भाकपा, चंदे लाल साकेत भाकपा, जगनारायण साहू जनपद सदस्य, आदि ने भी अपने विचार रखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *