बरगवां पुलिस ने युवती की तहरीर पर किया गिरफ्तार

Newspost, Regional Desk, MP.

सिंगरौली, मध्य प्रदेश। युवती को शादी करने का झांसा देकर एक युवक द्वारा लगातार यौन शोषण करने के मामले में बरगवां पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना क्षेत्र के एक ग्राम में रहकर पढ़ाई करने आई एक छात्रा से उसके संबंधी के पड़ोसी युवक ने शादी का झांसा देकर लगातार दुराचार किया। कुछ वर्षों बाद जब आरोपी युवक किसी और से शादी करने जा रहा था तब हिम्मत करके पीड़िता ने बरगवां थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को धर दबोचा।

पीड़िता द्वारा थाने में दी गई तहरीर के अनुसार वह ग्राम में रहकर शिक्षा ग्रहण करती थी। इस बीच दो-तीन महीना में वह अपने मामा के घर जाया करती थी, जहां उसकी पहचान मामा के घर के पास रहने वाले युवक राम प्रवेश वैश्य से हुई। रामप्रवेश हमेशा उससे कहा करता था कि तुम मुझे बहुत अच्छी लगती हो और मैं तुम्हीं से शादी करूंगा। वर्ष 2020, अगस्त में जब वह मामा के घर गई थी तो उसके जन्मदिन के एक दिन बाद आरोपी युवक देर रात करीब 11 बजे उसे बधाई देने पहुंचा तब सभी लोग दूसरे कमरे में सो रहे थे। इस दौरान राम प्रवेश ने पीड़िता के साथ जबरदस्ती अवैध संबंध बनाया और जल्द ही शादी की बात कर उसे बहलाया। इसके बाद यह सिलसिला चल पड़ा। जब भी वह मामा के घर आती तो आरोपी युवक उससे अवैध संबंध बनाता। हाल ही में पीड़िता को पता चला कि रामप्रवेश कहीं और शादी कर रहा है, तो वह उससे मिलने जा पहुंची, जहां युवक ने पीड़िता से शादी करने से इनकार कर दिया, इसके बाद मामला थाने जा पहुंचा। 

निरीक्षक विद्या वारिधि तिवारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक यूसुफ कुरैशी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा व एसडीओपी कृष्ण कुमार पांडे के मार्गदर्शन में पीड़िता की तहरीर पर आरोपी युवक के विरुद्ध अपराध क्रमांक 190/24 धारा 376 (2) (एन), 450 ताहि कायम किया गया। इस मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी राम प्रवेश वैश्य पिता रघुवंश प्रसाद वैश्य उम्र 19 वर्ष को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

उक्त कार्यवाही में उप निरीक्षक रामजी त्रिपाठी, सहायक उप निरीक्षक पंकज सिंह, प्रधान आरक्षक रामनिवास यादव, आरक्षक कौशलेंद्र रावत, श्यामलाल प्रजापति, महिला आरक्षक कीर्ति कुशवाहा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *