नाइजीरियाई तस्कर एक लाख नकद और एक करोड़ के कोकीन के साथ पकड़ाए
National Desk, जयपुर, राजस्थान.
शनिवार को जयपुर क्राइम ब्रांच टीम (Crime Branch Team) ने 1 करोड़ रुपए मूल्य की कोकीन के साथ दो नाइजीरियाई तस्करों (Niger Smugglers) को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 58 ग्राम कोकीन और एक लाख रुपए नकद बरामद किये हैं। दोनों विदेशी तस्कर कोकीन लेकर दिल्ली से जयपुर आए थे। पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी बिना वीजा (Visa) और वैध पासपोर्ट (Passport) के भारत में रुके हुए थे।
एडीजी क्राइम दिनेश एमएन के मुताबिक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव भटनागर के सुपरविजन में क्राइम ब्रांच टीम ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सीआईडी क्राइम ब्रांच के हेड कांस्टेबल कमल सिंह की सूचना पर जवाहर नगर थाना इलाके की सिंधी कॉलोनी में कार्रवाई करते हुए दो नाइजीरियन तस्करों को पकड़ा गया है। उन्होंने बताया कि दोनों तस्कर थीडेमारविलस और जालकिमानुअल को गिरफ्तार किया गया है।
बरामद अवैध मादक पदार्थ कोकीन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग एक करोड़ आंकी गई है। उन्होंने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी बिना वीजा और पासपोर्ट के इंडिया में रुके हुए थे। दिल्ली से जयपुर में कोकीन की सप्लाई देने के लिए आए थे। इस दौरान क्राइम ब्रांच टीम ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
कार्रवाई में क्राइम ब्रांच टीम के पुलिस निरीक्षक राम सिंह नाथावत, हेड कांस्टेबल शंकर दयाल शर्मा, कमल सिंह, कांस्टेबल देवेंद्र सिंह आदि की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
