पुलिस ने संदेही व्यक्ति को हिरासत में लिया, कर रही पूछताछ…

Newspost, Regional Desk.


सिंगरौली, मध्य प्रदेश। जिला मुख्यालय बैढ़न के समीप नौगढ़ में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर में एक 6 वर्षीय अबोध बालिका के साथ एक दरिंदे ने दरिंदगी की सारे हदें पार कर दी। घटना के बाद नवानगर पुलिस ने घायल मासूम बालिका को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेन्टर में भर्ती कराया है। जहां बालिका को खतरे से बाहर बताया जा रहा है। वहीं संदेही दरिंदे को पुलिस ने पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

घटना के बारे में सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शहडोल जिले के साथ-साथ पश्चिम बंगाल से कई श्रमिक निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज नौगढ़ में बतौर मजदूर कार्य करने आए हैं। शहडोल जिले से आये श्रमिक परिवार मेडिकल कॉलेज कैंपस में अपना आशियाना बनाकर कार्य करते आ रहे हैं। सोमवार को एक श्रमिक परिवार अपने करीब 6 साल की मासूम बेटी को कमरे में छोड़कर भवन निर्माण कार्य में लगे थे। तभी मासूम बालिका को अकेला पाकर पश्चिम बंगाल प्रांत से आये करीब 35 वर्षीय श्रमिक बुद्धन सेन ने दरिंदगी की हदों को पार कर दिया।

यह घटना दिन में 11 से 12 बजे के बीच की बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही मासूम बालिका के माता पिता बच्ची को लहुलुहान हालत में लेकर जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेन्टर पहुंचे। पुलिस अधिकारी भी अस्पताल पहुंच गए। गंभीर रूप से घायल मासूम का उपचार चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा है। सिविल सर्जन डॉ. देवेन्द्र सिंह ने मीडिया को बताया कि बालिका की हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। फिलहाल खतरे से बाहर है। उधर पुलिस आरोपी के विरुद्ध मामला पंजीबद्ध करने के साथ ही उसे हिरासत में ले लिया है तथा गहन पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *