पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर जनपद के व्यापारियों के साथ की गई बैठक
Newspost, UP Desk, Sushil Tiwari.
सोनभद्र, उत्तर प्रदेश। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनपद के व्यापारियों ने सोनभद्र पुलिस के साथ बैठक कर क्षेत्रीय समस्याओं के संदर्भ में जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने व्यापारियों को आए दिन होने वाले समस्याओं को जल्द दूर कराने का भरोसा दिया। कुछ व्यापारियों की समस्या तो उन्होंने तत्काल फोन कर संबंधित प्रभारी को दिशा निर्देश देकर सुलझाया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की शिकायत पुनः हमारे पास न आए इसका ध्यान दें।

रेणुकूट व्यापार मंडल अध्यक्ष सूरज ओझा ने बताया कि इन दिनों हो रही बोर्ड परीक्षाओं के दौरान आदित्य बिड़ला और राजकीय इण्टर कालेज पिपरी में कुछ अवांछनीय तत्वों द्वारा लड़कियों पर फब्तियां कसने, परेशान करने, गाली बकने जैसी घटनाएं देखी जा रही हैं। इस संदर्भ में अपर पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने तत्काल पिपरी थाना प्रभारी को फोन कर निर्देशित किया। व्यापार मंडल अध्यक्ष ने त्योहार और शादी ब्याह के समय दुकानों पर ग्राहकों के वाहन खड़ा करने पर कहा कि प्रशासन ऐसे समय में थोड़ा रियायत करे, चालान न काटें। ताकि ग्राहक व दुकानदार को असुविधा न हो। इस पर अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा- जहाँ दुकान के सामने खाली जगह है वहाँ गाड़ी सड़क से नीचे खड़ा करें, फोर व्हीलर के साइड के दो चक्के नीचे उतार दें तो आवागमन सुचारु रहेगा। दुकानदार और ग्राहक भी थोड़ा सहयोग करें तो पुलिस क्यों चालान करेगी। वैसे भी पुलिस चालान के पक्ष में नहीं रहती।
उक्त बैठक में रामकुमार गुप्ता, सुशील तिवारी, कृष्णा उपाध्याय, दयाशंकर, राजेंद्र गुप्ता के साथ अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।
