कलेक्टर सिंगरौली ने किया जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण
जन औषधि केंद्र व आईसीयू वार्ड शीघ्र प्रारंभ कराने के दिए निर्देश
Newspost, Regional MP Desk. A.Anand
बुधवार को सिंगरौली जिला चिकित्सालय व ट्रॉमा सेंटर की व्यवस्थाओं की स्थिति जानने हेतु कलेक्टर चंद्रशेखर शुक्ला ने आकस्मिक निरीक्षण किया। कलेक्टर ने अवलोकन के दौरान वहां उपस्थित सीएमएचओ को निर्देश दिए कि शीघ्र औषधि केंद्र प्रारंभ किया जाए। उन्होंने जिला चिकित्सालय में चल रही ओपीडी के सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए तथा सभी वार्डों के साथ ही लैब का भी निरीक्षण किया।
कलेक्टर ने सीएमएचओ एवं सिविल सर्जन को जिला चिकित्सालय के आईसीयू वार्ड को भी प्रारंभ कराने के लिए पहल करने को कहा। उन्होंने कहा कि बेहतरीन चिकित्सकीय व्यवस्था दिये जाने हेतु पूर्ण व्यवस्थाएं उपलब्ध रहे। सुरक्षा कार्य में लगे कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति की स्थिति पर भी निगरानी रखने को कहा है।
कलेक्टर ने उपस्थित चिकित्सकों के साथ आयोजित बैठक में कहा कि हम सबको एक टीम भावना के साथ मिलकर कार्य करना है अपने कर्तव्यों का सही तरीके से पालन कर जनमानस की सेवा करें। साथ ही भर्ती मरीजों के साथ मधुर संबंध बनायें तथा उनका उचित उपचार करें। उन्होंने कहा कि हर संभव प्रयास रहे कि मरीजों को रेफर नहीं किया जाय। अपने चिकित्सालय में चिकित्सा से संबंधित सभी व्यवस्था उपलब्ध है। साथ ही सभी चिकित्सक व अन्य स्टाफ अपने निर्धारित समय पर चिकित्सालय में उपस्थित होकर अपनी सेवा प्रदान करें। कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय में संचालित लैब सहित बच्चा वार्ड एवं चिकित्सा से संबंधित टेस्ट किये जाने वाले मशीनों व लैब का अवलोकन किया तथा निर्देश दिये कि समय पर जॉच रिपोर्ट उपलब्ध कराये जाएं। सिविल सर्जन को यह भी निर्देश दिये गये कि प्रतिदिन ओपीडी वार्डों का अवलोकन करते रहें ताकि किसी भी प्रकार की व्यवस्थाओं में असुविधा उत्पन्न न हो। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एनके जैन, सिविल सर्जन डॉ. देवेन्द्र सिंह सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।
