शाहीन परवीन अध्यक्ष, अविनीश चौबे सचिव, नेहा बैस कोषाध्यक्ष व अमन बाल्मीकि बने विश्वविद्यालय प्रतिनिधि
Newspost, City Desk, A. Anand, सिंगरौली, MP.
स्थानीय श्रीसाईं शैल मंगलम महाविद्यालय सिंगरौली में प्रत्यक्ष चुनाव के माध्यम से छात्र संघ का चुनाव संपन्न हुआ। गत 13 व 14 दिसंबर को महाविद्यालय में छात्र संघ के विभिन्न पदों हेतु नामांकन आवेदन पत्र प्रदान किये गए। छात्र संघ के विभिन्न पदों- विश्वविद्यालय प्रतिनिधि, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, छात्र संघ संयोजक, सचिव, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष व संयुक्त कोषाध्यक्ष पद हेतु कुल 18 छात्रों ने अपना नामांकन प्रस्तुत किया। 15 दिसंबर को प्रचार प्रसार हेतु छात्रों को अवसर प्रदान किया गया व 16 दिसंबर को प्रत्यक्ष मतदान द्वारा मतदान की प्रक्रिया संपन्न हुई।
महाविद्यालय स्तर पर पूरी चुनाव प्रक्रिया के संचालन एवं छात्र संघ के गठन हेतु चुनाव समिति गठित की गई थी जिसमें चुनाव प्रभारी पद पर स.प्रा. अनिल कुमार केशरी व अन्य समिति सदस्यों मे स.प्रा. रामजी शुक्ला, स.प्रा. कुलदीप कौर व स.प्रा. पूनम झा शामिल रहे। महाविद्यालय परिसर में मतदान हेतु दो बूथ बनाये गए थे। चुनाव समिति ने पूरी चुनाव प्रक्रिया अन्य सहायक प्राध्यापकों के सहयोग व महाविद्यालय की प्राचार्या श्रीमती अनुपमा श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में अनुशासित व शांतिप्रद वातावरण में संपन्न कराया। 18 दिसंबर को मतगणना व चुनाव परिणाम घोषित किये गए।
विभिन्न पदों पर प्रत्यक्ष मतदान द्वारा कराये गए चुनाव में विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर दो प्रत्याशियों में बीए तृतीय वर्ष से अमन बाल्मीकि ने 217 मत प्राप्त किया व विजयी घोषित किये गए। छात्र संघ अध्यक्ष पद पर बीए तृतीय वर्ष से शाहीन परवीन व बीकॉम तृतीय वर्ष ने स्वाति कुमारी से मात्र 8 वोटों के अंतर से विजयी घोषित की गई। छात्र संघ के संयोजक पद हेतु शांति पनिका, नैंसी पटेल व प्रीती कुमारी ने नामांकन भरा था, जिसमें बीए तृतीय वर्ष की छात्रा शांति पनिका ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी नैंसी पटेल से 61 मत अधिक हासिल कर विजई हुई। छात्र संघ उपाध्यक्ष पद हेतु बीए द्वितीय वर्ष से अखिलेश कुमार बैस विजयी घोषित किये गए।
छात्र संघ सचिव पद पर अविनीश चौबे ने सर्वाधिक 169 मत प्राप्त कर विजयी घोषित किये गए। कोषाध्यक्ष पद पर दो प्रत्याशियों मे बीए द्वितीय वर्ष से नेहा कुमारी बैस व बीकॉम द्वितीय वर्ष से सेजल कुमारी गुप्ता ने अपना नामांकन प्रस्तुत किया था। इनमें नेहा कुमारी बैस ने अपनी प्रतिद्वंदी सेजल गुप्ता से 47 मतों के अंतर से विजयी हुई। संयुक्त सचिव पद पर कोमल कुमारी विश्वकर्मा विजयी घोषित की गई। संयुक्त कोषाध्यक्ष पद पर साक्षी शुक्ला विजयी हुई।

छात्र संघ के विभिन्न पदों पर चयनित सभी पदाधिकारियों को महाविद्यालय के निदेशक गोपालजी श्रीवास्तव, प्राचार्या श्रीमती अनुपमा श्रीवास्तव, चुनाव प्रभारी अनिल कुमार केशरी, राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी रामजी शुक्ला व पूनम झा व अन्य वरिष्ठ प्राध्यापकों में दिनेश कुमार श्रीवास्तव, कुलदीप कौर, मो. जावेद, विनोद कुमार विश्वकर्मा, अरविन्द बैस, अर्पिता विस्वास, किरण सिंह, राजेश कुमार वैश्य, स्वाति सिंह, अश्विनी कुमार सिंह व सनिल कुमार दास ने शुभकामना दीं। मतदान के दौरान स्थानीय प्रशासन का पूर्ण सहयोग रहा। छात्र संघ पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह 26 दिसंबर को होगा।
