Newspost, Regional Desk. Waidhan, Singrauli, MP.

नाव से गिरा युवक गहरे पानी में समाया, संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा, परिजनों में मचा कोहराम

मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के बैढ़न क्षेत्र में स्थित बलियरी डैम में रील बनाने के चक्कर में एक युवक नाव से गिरा और गहरे पानी में को गया। उक्त घटना के बाद इलाके में अफरातफरी फैल गई। इस घटना का शिकार बलियरी निवासी संतोष शाह (19), पिता राम सजीवन शाह बना। घटना के बाद से पुलिस और राहत दल द्वारा लगातार उक्त युवक की खोज की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार संतोष शाह अपने साथियों अरविंद शाह और आशीष साकेत चालक सोनू खैरवार के साथ नाव में सवार थे। नाव जब बांध के गहरे पानी पर तैर रही थी तभी संतोष शाह नाव पर खड़ा होकर रील बनाने लगा। इसी दौरान नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह डैम के गहरे पानी में गिरकर उसमें समा गया। पुलिस और बचाव दल उसे तलाशने में जुटे हैं।
बताया जा रहा है कि संतोष तीन भाइयों में सबसे छोटा और अविवाहित था। वह दूध बेचकर परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करता था। परिजनों के अनुसार संतोष अपने दोस्तों के साथ घूमने के उद्देश्य से डैम किनारे गया था। बताया गया है कि डैम के किनारे खड़ी मछुआरों द्वारा उपयोग की जाने वाली नाव में अपने साथियों के साथ सवार हो गया। नौकायन के दौरान ये सभी बिना सुरक्षा जैकेट के थे। यह हादसा सोशल मीडिया के लिए रील बनाने के समय होना बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस हरकत में आ गई। नगर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रजापति के नेतृत्व में पुलिस बल, एसडीआरएफ, होमगार्ड एवं आपदा मित्र की टीम मौके पर पहुंची। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। नगर पुलिस अधीक्षक ने खोज अभियान के लिए तीन मोटर बोट को लगाया है। साथ ही एनडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया है, जिसके देर रात तक सिंगरौली पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। अंधेरा होने के कारण फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया है। सर्च अभियान सुबह फिर से शुरू किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *