ठेला रेहड़ी व ग्रामीण सब्जी विक्रेताओं को भी पीछे ढकेला
Newspost, City Desk, सिंगरौली, मध्य प्रदेश.
प्रदेश में डॉ. मोहन यादव के मुख्यमंत्री बनने के बाद उनके प्रारंभिक निर्देशों से चौकना हुए तमाम विभाग अब स्वयं को व्यवस्था का सर्वश्रेष्ठ रखवाला साबित करने में जुटा दिखाने की होड़ करते नजर आ रहे हैं। सिंगरौली नगर पालिक निगम भी कुछ ऐसा ही करने के लिए जेसीबी, क्रेन, गैस कटर लेकर मैदान में उतरा है।
गुरुवार को नगर पालिक निगम के अतिक्रमण निरोधी दस्ता ने मोरवा जोन के सिंगरौली बाजार में अतिक्रमण करने वाले व्यापारियों पर जुर्माना की कार्यवाही करते हुए अतिक्रमण हटाया। इस दौरान दस्ते द्वारा अतिक्रमणकारियों के ऊपर कार्यवाही करते हुए करीब 11 हजार 7 सौ रुपये जुर्माना वसूला गया।

अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही बस स्टैंड, एलआईजी रोड, पुरानी मार्केट, न्यू मार्केट, इत्यादि स्थानों पर की गई। इस दौरान व्यापारियों एवं अधिकारियों में नोंक झोंक भी होती रही। सायं 4 बजे तक अतिक्रमण हटाने का कार्य चलता रहा। नगर निगम दस्ते द्वारा गैस कटर का उपयोग भी किया गया।
रोड के किनारे लगे ठेला, रेहड़ी व ग्रामीण सब्जी दुकान विक्रेताओं को समझाइस देकर पोस्ट आफिस के बगल में उन्हें वैकल्पिक स्थान दिया। इस मौके पर नगर पालिक निगम वैढ़न के वित्त अधिकारी, उपायुक्त सत्यम मिश्रा के साथ नगर पालिक निमग मोरवा के राजस्व अधिकारी आर बी सिंह, स्वच्छता प्रभारी एवं सफाई कर्मी मौजूद रहे। वहीं सुरक्षा की दृष्टि से मोरवा पुलिस बल मौजूद रहा। बताया गया है कि आज शुक्रवार को भी अतिक्रमण हटाने का कार्य जारी रहेगा।
व्यापारियों के साथ भेद भाव के आरोप
अतिक्रमण हटाने के दौरान व्यापारियों ने भेद भाव बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि नियम कानून सबके लिए एक होना चाहिए। अतिक्रमण हटाने से आवागमन में सुविधा होगी। लेकिन दुकानदारों के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए।
