📌अप्रत्याशित घटना से पसरा शोक, लोगों ने जताई संवेदना
Newspost, Regional Desk, A. Anand.
नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड में एक स्थापित आपूर्तिकर्ता व संविदाकार, लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ई के पदाधिकारी, एक सहृदय युवा समाजसेवी एवं भारतीय जनता पार्टी परिवार के सदस्य रहे अनूप श्रीवास्तव अब नहीं रहे। उन्होंने 55 वर्ष में ही इस संसार से विदाई ले ली। बताया गया है कि पिछले कुछ दिनों से लीवर सिरोसिस तथा लंग इन्फेक्शन की समस्या को लेकर वाराणसी के एक नामचीन अस्पताल में उपचार चल रहा था। वहाँ स्थिति में सुधार नहीं होने पर उन्हें गत सोमवार को दिल्ली शिफ्ट किया गया था, जहां उपचार के मध्य देर शाम उनकी सांसों ने साथ छोड़ दिया।
अनूप अपने परिवार के सबसे छोटे तथा अविवाहित सदस्य थे। इन्होंने अपने कौशल से अल्प समय में स्वयं को एक कुशल एवं सफल व्यवसायी के रूप में न केवल स्थापित किया था, वरन् एनसीएल की कोयला खदानों में कार्यरत रशियन भारी मशीनों से संबंधित डीलरशिप भी ले ली थी। इनके असामयिक निधन ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।
इनके निधन की जानकारी सिंगरौली परिक्षेत्र में शोक की एक लहर की तरह फैली। व्यापार मंडल सिंगरौली व भाजपा के जिलाध्यक्ष राम सुमिरन गुप्ता, वरिष्ठ पत्रकार व कार्यवाहक अध्यक्ष रोहित गुप्त, महामंत्री मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश सिंह, उपाध्यक्ष शेखर सिंह, रविन्द्र पाल सिंह ‘लवली’, राजू सोनकर, कोषाध्यक्ष प्रवीण बंसल, डा. एसपी गुप्ता, अशोक जैन, मनोज बंसल के अलावा विधायक सिंगरौली राम निवास शाह, भाजपा मंत्री अरविंद तिवारी, लायंस क्लबों के पदाधिकारियों, संविदाकारों आदि ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। सभी ने ईश्वर से उनकी आत्मा को श्रीचरणों में स्थान देने तथा परिजनों को इस गहन संताप को सहने की शक्ति प्रदान करने हेतु प्रार्थना की है।
