डॉग स्क्वॉड के कारण घूमी संदेह की सुई, पति की निर्मम हत्या के आरोप में पत्नी गिरफ्तार
Newspost, MP Crime Desk.
एमपी के सिंगरौली जिले में बीते शनिवार व रविवार की मध्य रात निवास पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम पापल में रामप्रसाद साहू नामक व्यक्ति की निर्मम हत्या कर दी गई थी। अंधी हत्या की गुत्थी का खुलासा सिंगरौली पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार को कर दिया।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता गुप्ता ने प्रेस वार्ता में बताया कि मृतक राम प्रसाद अपनी नातिन पर बुरी नज़र रखता था। साथ ही वह अपनी विधवा बहू के साथ विवाह करना चाहता था। इस कारण से उसकी पत्नी सुमित्रा साहू परेशान रहती थी। अपने पति के कृत्यों से तंग आकर उसकी हत्या कर दी।
SP Nivedita GUPTA SAID IN PC.
यह है पूरा मामला
बीते रविवार को सुमित्रा साहू फरियादिया बनकर चौकी निवास आई। उसने अपने पति की किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या करने की सूचना दी। जिस पर मर्ग क्रं. 180/24 धारा 194 बी.एन.एस.एस. एवं अपराध क्रमांक 944/24 धारा 103(1) बी.एन.एस. का कायम कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस ने विवेचना के दौरान घटनास्थल पहुंचकर बारीकी से निरीक्षण किया, फोटोग्राफी व फिंगर प्रिंट लिए एवं डॉग स्क्वॉड द्वारा सर्चिंग कराई। आसपास पड़ोस के लोगों से पूछताछ करने पर मृतक के द्वारा अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर प्रताड़ित करना बताया गया। हत्या में किसी घर के व्यक्ति के शामिल होने के संदेह तथा घटना की रात्रि में मृतक की पत्नी व नातिन का घटनास्थल के पास ही सोए होने के कारण मृतक की पत्नी सुमित्रा साहू पति स्व. रामप्रसाद साहू 45 वर्ष से घटना के संबंध में पूछताछ की गई।
पूछताछ में उसने बताया कि उसका पति रामप्रसाद साहू बेटे की मृत्यु के बाद से अपनी बहू को साथ लेकर पाही वाले घर (Out House) पर रहता था। वह बोलता था कि उसके साथ शादी करना है। इस बात को मना करने पर रामप्रसाद आये दिन अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। इसके साथ ही अपनी नातिन को स्कूल नहीं जाने देता था। वह गलत नीयत रखता था एवं उसके साथ गलत संबंध बनाने को बोलता था।
घटना की रात...
इन्हीं सभी बातों से सुमित्रा परेशान रहती थी। दिनांक 21-09-24 की रात जब उसका पति रामप्रसाद साहू गहरी नींद में सो गया तब लगभग 2 बजे रात सुमित्रा ने घर पर रखी टांगी (axe) उठाकर पति के गर्दन पर मारा। इससे उसका पति चारपाई से जमीन पर गिर गया। तब उसने वहीं पास में पड़ा पत्थर उठाया और अपने पति के सिर पर 8-10 बार मारा। उसके क्रोध की ज्वाला तब भी ठंडी नहीं हुई तो उसने पास पड़ी लाठी से 5-6 बार प्रहार कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई।
खोजी कुत्ते ने दिया सुराग-
घटनास्थल के निरीक्षण के समय स्क्वाड का डॉग शव के पास से मृतक के घर के अंदर चुल्हे एवं कुंए के पास बार-बार जाने लगा। इसके कारण हत्या में किसी घर के व्यक्ति के शामिल होने का संदेह हुआ। तब मृतक की पत्नि सुमित्रा साहू से विस्तृत पूछताछ करने पर उसने पति द्वारा मारपीट व प्रताड़ित किये जाने के कारण हत्या करना स्वीकार किया।
कार्यवाही में महत्वपूर्ण योगदान
उक्त कार्यवाही में एसपी श्रीमती निवेदिता गुप्ता के निर्देश एवं एएसपी शिवकुमार वर्मा के मार्गदर्शन में एस.डी.ओ.पी. देवसर राहुल सैयाम, उप निरीक्षक प्रियंका सिंह बघेल, मनोज सिंह, विनय शुक्ला, सुरज सिंह, सहायक उप निरीक्षक त्रिवेणी पाल, दीप नारायण, उपेन्द्र भदौरिया, प्रधान आरक्षक सचिन तिवारी, ज्ञानेन्द्र सिंह, आरक्षक प्रभात दुबे, रविराज सिंह, प्रवीण पाण्डेय, मोहित सिंह, अमित सिंह, बिट्टू सिंह, महिला आरक्षक विमला सिंह, किरन मवासे, आरक्षक अमरदीप सिंह, नीरज सिंह, बबलू यादव, सदन कुमार, ओम प्रकाश शर्मा की सराहनीय भूमिका रही।


