Newspost, Regional Desk-MP.
नगर निगम सिंगरौली के वार्ड क्रमांक 8 स्थित गायत्री मंदिर मार्ग पर रविवार, 16 जून की दोपहर पन्नी प्लास्टिक एवं डिस्पोजेबल सामग्री के एक व्यापारी ने दुकान में ही फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना की जानकारी मिलने ही परिजनों ने उसे आननफानन फांसी के फंदे से उतरा और केन्द्रीय चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों की सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची मोरवा पुलिस जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार व्यापारी भीमसेन गुप्ता अपने परिवार जनों के साथ घर पर थे। दोपहर करीब 1: 30 बजे उन्होंने अपने साले बृजेश गुप्ता से कहा कि उसे कुछ सामान देने बस स्टैंड के पास जाना है और वह घर के नीचे, भूतल पर स्थित अपनी दुकान में आकर केबल वायर का फंदा डालकर अपनी जीवनलीला का अंत कर डाला। बताया गया है कि तब घर के अन्य सदस्य दोपहर का खाना खाकर आराम कर रहे थे। घटना का पता तब चला जब कुछ समय बाद कोई ग्राहक उसकी दुकान में आया और आवाज लगाने पर भीमसेन ने कोई जवाब नहीं दिया। तब उसके साले ने नीचे आकर जो दृश्य देखा उससे वह आवाक रह गया।
घटना के विषय में बताया गया है कि वहां भीमसेन अपनी दुकान की सीलिग में केबल का फंदा बनाकर लटक रहा था। परिजनों ने बिना देर किए लोगों की मदद से उसे नीचे उतारा और एनसीएल अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी जांच में जुट गई। हालांकि परिजनों का कहना है भीमसेन गुप्ता कुछ दिनों से मानसिक और शारीरिक तौर पर परेशान थे। जिस कारण उनकी दवा और झाड़फूंक भी जारी थी। बहुत संभव है कि इसी कारण से उन्होंने यह कदम उठाया हो।
