Newspost, National Political Desk. Rohit Gupta.
नई दिल्ली। लोकसभा के संसदीय सीट क्रमांक 11 सीधी से भाजपा के टिकट पर जीतकर मोदी 3 टीम के सदस्य बने डॉ राजेश मिश्रा (सांसद) ने आज शुक्रवार, 28 जून को 18वीं संसद के चल रहे प्रथम सत्र के 5वें दिन केंद्रीय सड़क व परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से औपचारिक भेंट की। श्री गडकरी के संसद भवन स्थित कार्यालय में हुई औपचारिक मुलाक़ात में डॉ मिश्रा ने अब तक अधूरे पड़े एनएच 39 एवं सिंगरौली प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग के संदर्भ में चर्चा की। इस बातचीत में कैबिनेट मंत्री गडकरी ने उन्हें सकारात्मक संदेश दिया है।
हालांकि केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी द्वारा पिछले दिसम्बर तक एनएच 39 के पूरा होने की बात अब तक अधूरी है। वास्तव में नितिन जी ने पिछली संसद के राज्यसभा में पीड़ा व्यक्त करते हुए प्रदेश की राजनीतिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था पर अंगुली उठाया था। तब यहाँ की सांसद वर्तमान सीधी विधायक रीति पाठक थीं। भाजपा को छोड़ने वाले अजय प्रताप सिंह तब भाजपा के ही राज्यसभा सांसद थे और उन्होंने एनएच 39 के अटकने लटकने का मुद्दा उठाया था। तब केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने जो बातें कही थी, वे जन प्रतिनिधियों के साथ ही प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर दिया था।
