एनसीएल की खदान में फिर हुई बड़ी दुर्घटना

कोयला लेकर आ रहे होलपैक ने कैंपर को कुचला, मौके पर एक की दर्दनाक मौत, चार गंभीर

Newspost, National/Corporate Desk.

सिंगरौली, मध्य प्रदेश। एनसीएल की कोयला खदानों में एक के बाद एक हो रही दुर्घटनाएं न केवल चिंताजनक हैं अपितु खान सुरक्षा के संदर्भ में अत्यंत गंभीर भी हैं। एनसीएल की खदानों में हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे। कुछ दिन पूर्व ही खदान क्षेत्र में हुए हादसे में दो लोगों ने जान गंवाई थी, वहीं शुक्रवार की सुबह फिर एनसीएल की जयंत खदान के ईस्ट सेक्शन में फिर हुई एक दर्दनाक दुर्घटना में एक व्यक्ति की मृत्यु और चार के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है। इस दुर्घटना में कोयला लदा होलपैक (विशालकाय डंपर) एक बोलेरो कैंपर को रौंद डाला। इस दुर्घटना में बोलेरो का कचूमर निकल गया और घटनास्थल पर ही एक व्यक्ति की जान चली गई। वहीं चार अन्य अत्यंत गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। 

आज सुबह जयंत के वेस्ट सेक्शन में हुई दुर्घटना

जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना सुबह लगभग 8 बजे घटित हुई। बताया गया है कि बोलेरो कैंपर क्रमांक सीजी 12 एस 2686 में सवार पांच लोग खदान क्षेत्र के अंदर जा रहे थे। वे खदान के पश्चिमी क्षेत्र में पहुंचे थे तभी विपरीत दिशा से कोयला लोड कर आ रहे भारी डंपर होलपैक की चपेट में आ गए। यह दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि कैंपर पूरी तरह से नष्ट हो कर जमीन से चिपक गया। 
प्रत्यक्षदर्शियों ने किसी तरह घायलों को बाहर निकलना शुरू किया। इधर सूचना मिलते ही मोरवा पुलिस एवं जयंत पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह कैंपर में फंसे लोगों को निकला और घायलों को उपचार हेतु नेहरू शताब्दी चिकित्सालय भिजवाया। वहीं इस घटना में मृतक शीतला प्रसाद साकेत पिता रामलगन साकेत निवासी पंजरेह थाना मोरवा के शव को कैंपर से निकलकर पीएम हेतु भिजवाया गया है।
इस घटना ने एनसीएल की खान सुरक्षा के प्रति बरती जा रही लापरवाही और असंवेदनशीलता को फिर से चर्चा में ला दिया है। फिलहाल इस घटना के संबंध में एनसीएल प्रबंधन की ओर से कोई वक्तव्य नहीं मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *