सभी मृतक बिहार राज्य के निवासी, प्लांट सील

Newspost, National Desk. Raipur, C.G.

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के बकुलाही औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक स्पंज आयरन प्लांट में हुए आकस्मिक विस्फोट से अब तक 6 श्रमिकों की मौत हो चुकी है, जबकि 5 अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं जिन्हें उपचार हेतु भाटापारा चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जांच में बताया गया है कि यह हादसा डस्ट सेटलिंग चैंबर से गर्म राख (फ्लाई ऐश) ले जा रही पाइपलाइन में लीकेज हो जाने से हुआ था।

मीडिया सूत्रों के अनुसार यह विस्फोट फैक्ट्री की कोल भट्टी (कोल किल्न) में गुरुवार को सुबह लगभग 9.40 बजे हुआ। इस विस्फोट से गर्म कोयला और मलबा नीचे काम कर रहे दर्जन भर मजदूरों पर गिरा, जिससे वे बुरी तरह से झुलस गए। धमाके के बाद दूर तक धुएं का गुबार दिखाई दिया।

घटना के बाद वहां अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में घायलों को भाटापारा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CSC) और स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार घायलों को बिलासपुर के बर्न ट्रीटमेंट सेंटर भेजा गया है। मृतक बिहार के रहने वाले हैं। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू कार्य में जुट गई थीं।

यह हादसा रियल स्टील प्लांट में घटित हुआ जिसे सील कर दिया गया है। प्लांट प्रबंधन से पूछताछ की जा रही है। फैक्ट्री नितेश अग्रवाल की बताई जा रही है।

इनका कहना है -

कलेक्टर दीपक सोनी ने बताया कि “बकुलाही क्षेत्र में रियल इस्पात कंपनी में सुबह करीब 9:40 बजे बड़ा हादसा हुआ। कोल भट्टी (कोल किल्न) के डस्ट सेटलिंग चैंबर से गर्म राख (ऐश) ले जा रही पाइपलाइन में लीकेज हो गया, जिससे गर्म राख नीचे गिर गई। इस हादसे में नीचे काम कर रहे 6 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए बिलासपुर के बर्न ट्रीटमेंट सेंटर भेजा गया है। पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। SDM के नेतृत्व में जांच टीम बनाई गई है, जिसमें उद्योग विभाग, इंडस्ट्रियल हेल्थ एंड सेफ्टी विभाग, पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी शामिल हैं। टीम प्लांट प्रबंधन से पूछताछ कर रही है।”

हादसे में इनकी हुई दर्दनाक मौत

इस हादसे में श्रवण कुमार (22), ग्राम गोटीबांध, थाना डोमरिया, जिला गया, बिहार, राजदेव कुमार (22), ग्राम गोटीबांध, थाना डोमरिया, जिला गया, बिहार, जितेन्द्र भुझ्या (37), ग्राम गोटीबांध, थाना डोमरिया, जिला गया, बिहार, बद्री भुझ्या (40), ग्राम गोटीबांध, थाना डोमरिया, जिला गया, बिहार, विनय भुइया (40), ग्राम गोटीबांध, थाना डोमरिया, जिला गया, बिहार, सुंदर भुइया (40), ग्राम गोटीबांध, थाना डोमरिया, जिला गया, बिहार की दर्दनाक मौत होने की जानकारी मिल रही है। ये सभी एक ही गांव और एक ही परिवार से संबंधित बताए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *