शॉर्ट सर्किट से लगी थी आग ?
Newspost, Regional Desk. सिंगरौली, मध्य प्रदेश।
एमपी के सिंगरौली जिले के मोरवा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को सुबह एक अप्रत्याशित घटना ने राहगीरों को स्तब्ध कर दिया। कांटा मोड़ के निकट सिंगरौली से जयंत की ओर जा रही एक इंडिगो कार के इंजन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कुछ ही पलों में वाहन पूरी तरह खाक हो गया। लेकिन चालक ने सूझ बूझ से उसकी जान बचा ली है।

ऐसे हुई यह अनहोनी
घटना सुबह लगभग 6 बजे की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि बैढ़न थाना क्षेत्र के ढोंटी गांव निवासी कार सवार अपने एक भाई को सिंगरौली रेलवे स्टेशन छोड़ने के बाद वापस घर लौट रहा था। रास्ते में अचानक कार के इंजन से धुआं निकलने लगा। शॉर्ट सर्किट की वजह से आग भड़क उठी। चालक ने फौरन गाड़ी सड़क किनारे खड़ी की और बाहर निकल आया। स्थानीय लोगों ने बताया कि आग इतनी तेज थी कि आसपास के लोग दौड़कर आए, लेकिन तब तक कार में कुछ भी नहीं बचा था।
सूचना मिलने पर मोरवा थाने की टीम मौके पर पहुंची। आगजनी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एसएचओ मोरवा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट ही मुख्य कारण लग रहा है। वाहन की फिटनेस और मेंटेनेंस की पड़ताल की जा रही है। जिले में हाल के दिनों में वाहनों में आग लगने की ऐसी घटनाएं बढ़ी हैं, जो सुरक्षा मानकों की अनदेखी को उजागर करती हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि वाहनों की पुरानी वायरिंग और वाहन का फिटनेस ठीक नहीं होने से शॉर्ट सर्किट की समस्या आमतौर पर सामने आती है।
