स्कूल में चलती कक्षा में पहुंच की थी अभद्रता, वीडियो वायरल होने पर एसडीओपी ने स्वतः लिया संज्ञान 

आरोपी विभिन्न धाराओं में हुआ गिरफ्तार

Newspost, Regional Desk, सिंगरौली. 

बरगवां में एक सरहंग युवक पर प्यार का भूत ऐसा चढ़ा कि वह विद्यालय में भरी कक्षा के सामने छात्रा से अपना प्यार प्रदर्शित करने लगा। ऐसा करने पर जब उसे रोका गया तो उसने वहां पढ़ा रहे शिक्षकों को भी नहीं बक्शा और अभद्र भाषा का प्रयोग कर उन्हें धमकाने लगा। 

घटना बरगवां थाना क्षेत्र के घिनहा गांव की है। यहां मंगलवार की दोपहर शासकीय हाई स्कूल में 9वीं कक्षा की एक छात्रा को सेमुआर का सुजीत साकेत उर्फ टिंकू भरी कक्षा में अपने प्यार का इजहार करने पहुँच गया। इस घटना से लज्जित छात्रा ने आरोपी से किसी भी तरह का संबंध होने से मना किया तब कक्षा में पढ़ा रही प्राचार्या ने भी उसे समझाने का प्रयास किया। देखते ही देखते वहां अन्य शिक्षक भी आ गए। परंतु सिरफिरे आशिक पर प्यार का ऐसा भूत चढ़ा था कि उसने किसी की ना सुनी। उल्टा शिक्षकों को ही धमकाने लगा। हाथापाई की नौबत आने पर पुलिस को इसकी सूचना दी गई। 

मंगलवार शाम से ही सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल हो गया था। वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए स्वतः एसडीओपी के के पांडे ने निरीक्षक आर पी सिंह को आरोपी पर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। वहीं बुधवार सुबह थाने पहुंचकर स्वयं कार्यवाही कराई। बरगवां निरीक्षक ने फरियादी शिक्षक शारदा प्रसाद वैश्य की तहरीर पर सुजीत साकेत उर्फ टिंकू पिता मुखराम साकेत पर अपराध क्रमांक 1009/23 धारा 294, 323, 353, 506, 34 के तहत मामला पंजीबद्ध किया। वहीं पीड़िता छात्रा के बयान के आधार पर अपराध क्रमांक 1008/23 धारा 354 (घ), 509 एवं लैंगिंग अपराधों में बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 की धारा 7 और 8 के तहत मामला दर्ज किया। 

पीड़िता ने बताया कि सुजीत साकेत कई वर्षों से उसका पीछा कर रहा था और उसे देखते ही प्यार का इजहार कर अश्लील गाने गाने लगता था। पुलिस ने इस मामले में उसके सहयोगी दीपेंद्र एवं सूरज पर भी धारा 151 के तहत कार्यवाही की है। पुलिस की इस कार्रवाई से आशिक का भूत उतरता दिख रहा है तो दूसरी ओर यह कर्रवाई से अन्य सिरफिरे मनचलों के लिए भी नजीर साबित होगी।

उक्त कार्यवाही में उप निरीक्षक ए के दुबे, सहायक निरीक्षक अजीत सिंह, पंकज सिंह, प्रधान आरक्षक अनूप मिश्रा, महिला प्रधान आरक्षक रामकली, आरक्षक रविंद्र, प्रतीक एवं कौशलेंद्र शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *