जंगल के रास्ते जिले से बाहर भागने की फिराक में था आरोपी

Newspost, Regional Desk, सिंगरौली.

सोमवार की शाम मुआवजा रकम के बंटवारा को लेकर बढ़े विवाद में मेढौली निवासी रामजन्म साकेत द्वारा अपने छोटे भाई संजय साकेत की फावड़े से मारकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद एसडीओपी के के पांडे के मार्गदर्शन में टीआई अशोक सिंह परिहार ने फरार आरोपी रामजन्म साकेत की धर पकड़ के लिए अलग अलग टीमों का गठन कर उन्हें काम पर लगा दिया था। मेहनत रंग लाई और फरार आरोपी को बुधवार को तड़के ही गिरफ्तार कर लिया गया।

मिली जानकारी अनुसार आरोपी रामजन्म साकेत घटना के बाद सुनसान रास्तों से होते हुए झिंगुदह से सटे जंगल में जा पहुंचा था। जहां से वह खदान के रास्ते बैढ़न फिर जिले से बाहर भागने की फिराक में था। परंतु मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर निरीक्षक अशोक सिंह परिहार द्वारा गठित टीम के प्रभारी उप निरीक्षक भिपेंद्र पाठक एवं उनके हमराह पुलिस कर्मियों ने उसे समय रहते गिरफ्तार कर लिया जिसे कल न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस ने उक्त आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयोग किया गया फावड़ा भी बरामद कर लिया है।

उक्त कार्रवाई में उप निरीक्षक भिपेंद्र पाठक, सहायक उप निरीक्षक पप्पू सिंह, आरपी सिंह, प्रधान आरक्षक अजीत सिंह, कुलदीप शर्मा, अनिल नवेद आरक्षक नीरज यादव, राहुल साहू, सुबोध सिंह तोमर, ऋषि सिंह एवं सैनिक रामसिया विश्वकर्मा की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *