हत्या का आरोपी ओझा यूपी से गिरफ्तार, चितरंगी थाने का मामला

Newspost, Regional Desk, M. Chaudhary, A. Anand.

चितरंगी, सिंगरौली। रविवार को चितरंगी थाना क्षेत्र के ग्राम सूदा में झाड़-फूंक व अंधविश्वास से ग्रसित एक युवक द्वारा गांव के अधेड़ व्यक्ति की बलि देने का मामला प्रकाश में आया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। हालांकि पुलिस ने आरोपी ओझा को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि सुदा गांव में गुनिया-ओझा को झाड़ फूंक करने के लिये बुलाया गया था। एसडीओपी आशीष जैन व टीआई शेषमणि पटेल ने मौका मुआयना करने के बाद मामले की छानबीन शुरू कर दी है। एसपी सिंगरौली यूसुफ कुरैशी ने बताया कि झाड़फूंक की आड़ में हत्या का मामला है।

मिली जानकारी के अनुसार ओझा हरिनारायण पनिका उम्र 36 साल निवासी गर्दी सोनभद्र-यूपी रविवार को सूदा में रिश्ते में समधी लगने वाले रामचंद्र पनिका उम्र 50 साल का झाड़-फूंक कर रहा था। झाड़ फूंक विधि घर से दूर की जा रही थी। इस समय ओझा ने तंत्र विद्या करते हुए रामचंद्र को झुकने के लिए कहा। जब वह पूजास्थल पर झुका तो ओझा ने बलुआ (धारदार हथियार) से पहले उसकी गर्दन पर धीरे से प्रहार किया। इसके बाद मंत्र पढ़ते हुए दूसरी बार बलुआ से जोरदार प्रहार कर सिर को धड़ से अलग कर दिया और रामचंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से गांव सहित आसपास दहशत का माहौल बन गया तथा पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया। 

घटना के करीब 2 घंटे बाद पुलिस को खबर लगी। मौके पर पहुंचे पुलिस के लोग वहां का दृश्य देखकर सन्न रह गए। घटना रविवार सुबह 10 बजे के आसपास की बताई जा रही, जबकि पुलिस को सूचना दोपहर 12 बजे के लगभग मिली। सूचना मिलने के बाद चितरंगी एसडीओपी आशीष जैन व टीआई शेषमणि पटेल घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए।

इलाके में दहशत, पसरा रहा सन्नाटा

झाड़ फूंक करते समय आरोपी ने तंत्र मंत्र पढ़ते हुए अधेड़ की धारदार हथियार से गर्दन को धड़ से अलग कर दिया। बताया जा रहा कि उक्त घटना के बाद वह यूपी के अपने गांव गर्दी भाग गया। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची चितरंगी थाना पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। वहीं पुलिस की एक टीम ने आरोपी के घर गर्दी दबिश दी, जहां से उसे गिरफ्तार कर चितरंगी लेकर आई और उससे पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि मृतक लंबे समय से बीमार था और वह अपने स्वास्थ्य से परेशान होकर अब झाड़ फूंक का सहारा लेने लगा था।

सुनसान जगह पर चल रही थी तंत्र विद्या

बताया जा रहा है कि ओझा मृतक को लेकर सुनसान इलाके में तंत्र मंत्र कर रहा था। पुलिस ने बताया कि आरोपी मृतक रामचंद्र पनिका का रिश्ते में समधी लगता है। रामचंद्र की तबीयत लम्बे समय से खराब चल रही थी। मृतक को शंका थी कि किसी ने अपनी तंत्र विद्या से उसे परेशान किया है। फलत: इलाज करने की बजाय वह झाड़ फूंक कराने लगा था। उसे ठीक करने के लिए रामचंद्र के बड़े भाई का लड़का ओझा को बुलाने गर्दी गया था और वही उसको लेकर सूदा आया था। बताया जा रहा है कि झाड़-फूंक के पहले ओझा ने चढ़ावे के रूप में शराब ली, जिसे उसने पिया था। पूजा-पाठ के नाम पर अधेड़ की बलि देने से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाओं का दौर चल रहा है।

इनका कहना है-

अधेड़ की बलि देने की बात सामने आई है। इसकी पड़ताल की जा रही है। झाड़ फूंक की आड़ में हत्या की गई है। पहले से जमीनी विवाद भी चल रहा था। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। 

यूसुफ कुरैशी, एसपी सिंगरौली.

‌‌आप ‌इस खबर को हमारे यूट्यूब चैनल पर भी देख सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *