📌आरोपियों से 2 मोटर सायकल, 1 स्कूटी, 3 मोबाईल, 3 चाकू बरामद
पुलिस अधीक्षक ने लूट की तीन घटनाओं का किया खुलासा
Newspost, Crime Desk. A. Anand
सिंगरौली, एमपी। कोतवाली थाना वैढ़न के बलियरी में 4 जून को नेहा इंटरप्राइजेज के सेल्समैन रामकुमार शुक्ला पर बैंक ले जाये जा रहे कैश को लूटने के लिए चाकू से हमला करने व स्कूटी लूटकर फरार हो जाने के मामले में तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 2 मोटर सायकिल, 1 स्कूटी, 3 मोबाईल, 3 चाकू बरामद किये हैं।
पुलिस अधीक्षक निवेदिता गुप्ता ने इस घटना सहित लूट की तीन घटनाओं का खुलासा करते हुए बताया कि बीते 4 जून को नेहा इंटरप्राईजेज के कर्मचारी रामकुमार शुक्ला के साथ चाकू से हमला कर हुई लूट की घटना की गंभीरता को देखते हुये आरोपियों की पहचान स्थापित करने व उन्हें तत्काल गिरफ्तार करने के निर्देश दिये गये थे। उक्त निर्देश के पालन में अति. पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा व नगर पुलिस अधीक्षक विन्ध्यनगर पीएस परस्ते के मार्गदर्शन में अलग-अलग टीमें बनाकर रवाना की गई थी। उक्त टीमों द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और लूटी गई स्कूटी, घटना में प्रयुक्त चाकू व अन्य दो लूट की घटनाओं में दो मोटरसाईकल व तीन मोबाईल जप्त करने में सफलता प्राप्त हुई है।
• पुलिस अधीक्षक सिंगरौली, श्रीमती निवेदिता गुप्ता
सुनसान जगह पर लुटेरों ने किया था हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते 4 जून को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे थाना बैढन को सूचना प्राप्त हुई कि बलियारी हनुमान एजेंसी के पास 3 अज्ञात बाईक सवार युवकों के द्वारा किसी किराना व्यापारी के सेल्समेन के साथ चाकू से कई बार हमला कर लूट की घटना की गई है। उक्त सूचना से पुलिस अधीक्षक निवेदिता गुप्ता को अवगत कराया गया। जिस पर पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपियों की पहचान स्थापित करने व गिरफ्तारी हेतु तत्काल अलग- अलग टीम बनाई गई। वैढन नगर पुलिस अधीक्षक विन्ध्यनगर पीएस परस्ते, थाना प्रभारी इंचार्ज उनि रुपा अग्निहोत्री व चौकी प्रभारी सासन संदीप नामदेव एवं टीम के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। फरियादी घायल रामकुमार शुक्ला पिता तपेश्वरी शुक्ला उम्र 50 वर्ष निवासी उसना कला चौबे जी थाना नगर उंटारी जिला गढवा (झारखण्ड) हाल बलियरी थाना बैढन जिला सिंगरौली (म.प्र.) को जिला अस्पताल वैढन ले जाया गया। फरियादी से पूछताछ व घटना तस्दीक पर पाया गया कि फरियादी 4 जून के दिन में लगभग 11.10 बजे नेहा इंटरप्राईजेज फर्म का चार लाख रुपये झोले में लेकर अपनी फर्म की एक्टिवा स्कूटी से बैंक में जमा करने जा रहा था। जैसे ही हनुमान एजेन्सी के सामने पहुंचा तभी पीछे से तीन लोग मोटर सायकल से उसकी स्कूटी के बगल में आए, बीच में बैठे व्यक्ति ने उसकी स्कूटी में लात मारी जिससे फरियादी रोड पर गिर पड़ा। मोटर सायकल सवार तीनों व्यक्ति मोटर साइकिल से उतरकर उस पर झपटे और उससे पैसों से भरा झोला छीनने लगे। जब उसने झोला नहीं छोड़ा तब बीच में बैठे व्यक्ति ने उसको चाकू मारा तथा पीछे बैठे व्यक्ति ने कट्टा दिखाकर कहा कि पैसों का बैग मुझे दे दो नहीं तो जान से मार दूंगा। तब तक चाकू लिये व्यक्ति ने उसके दोनों हाथों में कई बार वार किया, लेकिन उसने झोला नहीं छोड़ा। मेरे चीख पुकार की आवाज सुनकर स्थानीय व्यक्ति जुट गए और बचाने लगे। तब वह तीनों जल्दबाजी में अपनी मोटर साइकिल छोड़कर उसकी स्कूटी लूट लिया तथा भागते समय उनका कट्टा वहीं घटना स्थल पर गिर गया। बताया गया है कि उक्त कट्टा नकली है जिसकी जाँच कराई जा रही है। गठित टीमों द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुये आरोपियों द्वारा मौके पर छोड़ी गई मोटर साईकल के संबंध में जानकारी लेने पर पता चला कि उक्त मोटरसाईकल भी आरोपियों के द्वारा एक दिन पूर्व 3 जून की रात्रि करीब 9 बजे किसी व्यक्ति से सजहर के जंगल थाना जियावन से लूटी गई थी।

पुलिस को ऐसे मिली सफलता
आरोपियों के संबंध में तकनीकी सहायता की मदद से ज्ञात हुआ कि उक्त घटना आरोपीगण सलमान खान पिता मुन्ना खान, अरविन्द उर्फ बबलू भांट पिता वृहस्पति, रोहित उर्फ सुलेन्दर भांट पिता बृहस्पति भांट तीनों निवासी बलियरी के द्वारा घटित की गई है। 6 जून को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि तीनों आरोपी बलियरी में बंधा के पास खण्डहरों में छुपे हुए हैं। मुखबिर की सूचना पर वैढ़न टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुये आरोपियों को घेराबंदी कर बलियरी बंधा के पास पकड़ लिया गया। आरोपियों ने घटना के संबंध में की गई पूछताछ के दौरान इस घटना को स्वीकार किया साथ ही तीनों आरोपियों के द्वारा 28 मई को बलियरी गैस प्लांट नाला के पास थाना बैढ़न में दर्ज अपराध क्रमांक 817/24 धारा 392 भादवि के फरियादी/ पीडित को चाकू दिखाकर लूट की घटना कारित कर उसकी मोटर साईकल, मोबाईल व रुपये लूटकर भाग जाना तथा 3 जून की रात्रि करीब 9 बजे सजहर के जंगल थाना जियावन के अपराध क्रमांक 282/24 धारा 392 भादवि में भी एक व्यक्ति से उसकी मोटर साईकल व मोबाईल लूटकर ले जाने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस ने सलमान खान पिता मुन्ना खान, अरविन्द उर्फ बबलू भांट पिता वृहस्पति एवं रोहित उर्फ सुलेन्दर भांट पिता वृहस्पति भांट तीनों निवासी बलियरी थाना बैढ़न को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इनकी रही भूमिका
उक्त कार्यवाही में सीएसपी विंध्यनगर पीएस परस्ते, उनि रूपा अग्निहोत्री, संदीप नामदेव, अमन वर्मा, आरडी बंसल, नृपेन्द्र सिंह, केपी रावत, शिवकुमार दुबे, सउनि सजीत सिंह, अमित शर्मा, राजेश शुक्ला, अरविंद द्विवेदी, विजय अग्निहोत्री, रामबहोरी प्रजापति, प्रआर. जीतेन्द्र सिंह सेंगर, सुनील सिंह, राजकुमार विश्वकर्मा, राजेश सिंह, अनिल नवैत, मुनेन्द्र राणा, पंकज सिंह चौहान, राहुल सिंह, कृष्णबहादुर सिंह, म. प्र.आर. शकुन्तला यादव, आरती सूर्यवंशी, अवधलाल सोनी, दीपक परस्ते, आरक्षक अभिमन्यु उपाध्याय, महेश पटेल, अजय कुशवाहा, राजकुमार शाक्य, विवेक पटेल, संजू धुर्वे, नारेन्द्र सिंह, आकाश करोरिया, अखिलेश माझी, सुधीर सिंह, आकाश डोंगरे एवं सायबर टीम, सोबाल वर्मा का विशेष योगदान रहा।
