कोतवाली संभालेंगे अशोक सिंह परिहार, कपूर त्रिपाठी को मोरवा, शिवपूजन मिश्रा को बरगवां, अर्चना द्विवेदी को मिला विंध्यनगर थाने का प्रभार
पुलिस चौकियों में भारी हेरफेर के कयास
Newspost, Regional Desk, A. Anand.
सिंगरौली, मध्य प्रदेश। लोकसभा चुनाव को लेकर प्रभावी आचार संहिता के खत्म होते ही सिंगरौली पुलिस अधीक्षक ने विभाग में व्यापक फेरबदल कर दिया है। हालांकि चुनाव आचार संहिता के बीच ही कोतवाली एवं बरगवां थाना के निरीक्षकों को हटा दिया गया था। इसी कारण कयास लगाए जा रहे थे कि चुनाव के बाद पहली फुर्सत में ही पुलिस विभाग में फेरबदल होगा। परंतु यह बदलाब इतने बड़े स्तर पर होगा इसका अनुमान किसी को भी नहीं था।
शुक्रवार की देर रात लगभग 10 बजे सिंगरौली पुलिस अधीक्षक निवेदिता गुप्ता ने जिले के लगभग सभी थाना प्रभारियों को इधर से उधर कर सभी को चौंका दिया। इस आदेश के बाद सभी थानों में अफरातफरी मच गई। जारी आदेश में मोरवा थाने के निरीक्षक अशोक सिंह परिहार को बैढ़न कोतवाली की कमान सौंप दी गई। वहीं नवानगर थाना प्रभारी कपूर त्रिपाठी को मोरवा थाने का प्रभार दिया गया है। विन्ध्यनगर थाना प्रभारी शिवपूजन मिश्रा को बरगवां तथा महिला थाना प्रभारी रहीं अर्चना द्विवेदी को विन्ध्यनगर थाने की कमान सौंप दी गई। इसके अतिरिक्त माडा प्रभारी शिव सिंह रजावत को सरई थाना, सरई थाना प्रभारी डॉ ज्ञानेंद्र सिंह को नवानगर थाने का निरीक्षक बनाया गया। अब तक जियावन थाने के निरीक्षक रहे राजेंद्र पाठक को गढ़वा और गढ़वा थाना प्रभारी अनिल पटेल को जियावन थाने भेजा गया है।
पुलिस विभाग में हुए इस व्यापक फेरबदल के बाद अब माडा थाना एवं महिला थाना का प्रभार रिक्त हो गया है। कयास लगाए जा रहे हैं कि बरगवां थाना प्रभारी रहे विद्या वारिधि तिवारी को माडा थाने की कमान दी जा सकती है। वहीं अनुमान यह भी लगाया जा रहा है कि एक से दो दिन के भीतर चौकी प्रभारियों को भी बदला जा सकता है।
