जयंत पुलिस ने आरोपी को दबोचा, मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत केस दर्ज
Newspost, MP State Desk, A. Anand.
जयंत, सिंगरौली। जिले के विन्धनगर थाना के जयंत चौकी पुलिस ने पैसों का प्रलोभन देकर हिंदुओं को अपना धर्म बदल कर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि उक्त आरोपी पैसों के दम पर लोगों को ईसाई धर्म अपनाने का लालच दे रहा था। कुछ समय पूर्व बरगवां थाना क्षेत्र में भी दो व्यक्तियों को पकड़ा गया था जो ईसाई धर्म अपनाने के लिए लोगों पर दबाव बना रहे थे।
जानकारी के अनुसार आज भी जयंत चौकी प्रभारी उप निरीक्षक सुरेंद्र यादव को सूचना मिली की सेक्टर बी दूधिचुआ में एक व्यक्ति पैसों का लालच देकर लोगों को हिंदू धर्म से क्रिश्चियन (ईसाई) धर्म अपनाने के लिये दबाव बना रहा है। उसके द्वारा लोगों को बहकाया जा रहा था कि ईसाई धर्म अपनाने पर इनको काफी पैसा मिलेगा। इस सूचना पर चौकी प्रभारी जयंत द्वारा पुलिस अधीक्षक निवेदिता गुप्ता से दिशा निर्देश प्राप्त कर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा व थाना प्रभारी अर्चना द्विवेदी की सतत निगरानी में आरोपी जितेंद्र यादव उर्फ जीतू पिता रामसुख यादव निवासी बिहिया जिला भोजपुर बिहार हाल सेक्टर बी दुधिचुआ जयंत के खिलाफ अपराध क्रमांक 385/24 धारा 3, 5(2) मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2021 कायम कर आरोपी को डीएवी स्कूल जयंत के पास से पकड़ लिया गया।
कुछ ही दिन पहले बिहार के भोजपुर से आया था आरोपी
जयंत पुलिस ने बताया कि आरोपी करीब 8 से 10 दिन पूर्व ही बिहार से जीजा के भाई के घर जयंत आया हुआ था। आसपास घूमकर पैसे का लालच देकर हिंदू धर्म से क्रिश्चियन (ईसाई) धर्म अपनाने की बातें कर रहा था। उसका कहना था कि यदि आप हिन्दू धर्म छोड़कर क्रिस्चन धर्म अपनाते हो तो क्रिस्चन धर्म वाले आप लोगों को इतना पैसा देंगे कि आप लोगों को कभी पैसे की कोई कमी नहीं रहेगी। जिसकी सूचना मिलने पर जयंत पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
इनकी रही भूमिका-
आरोपी की गिरफ्तार में एएसआई सतीश दीक्षित, एएसआई उत्तम सिंह, प्रधान आरक्षक सतीश मिश्रा, सुनील मिश्रा, कुणाल सिंह, विष्णु सिंह, आरक्षक सुरेन्द्र यादव, अशोक यादव, दीपक यादव, गुड्डू सिंह शामिल थे।
