📌 बरगवां थानांतर्गत एक मकान के सेप्टिक टैंक में मिले 4 शव, पुलिस ने जताई हत्या की आशंका
📌 ग्रामीण क्षेत्र से सामने आई ऐसी घटना से पुलिस विभाग की बढ़ी चिंता
Newspost, State Desk-MP, सिंगरौली।
बरगवां थाना क्षेत्र में सामूहिक हत्या की घटना से लोग स्तब्ध हैं। यह थाना एमपी के औद्योगिक जिला सिंगरौली में है। शनिवार को असहनीय दुर्गंध की शिकायत के बाद थानांतर्गत ग्राम बड़ोखर में बने एक नये आवास के सेप्टिक टैंक से चार शव बरामद किए गए हैं। पुलिस घटना की तह तक पहुंचने की कवायत में जुटी है।
शवों का सड़ांध फैलने के बाद की गई पुलिस में शिकायत
जानकारी के अनुसार हिंडालको महान के गेट नं. 3 के समीप बड़ोखर ग्राम में हरि प्रसाद प्रजापति निवासी जयंत, थाना विंध्यनगर का मकान लगभग 1 वर्ष पूर्व निर्मित किया गया है। पुलिस के अनुसार हरि प्रसाद प्रजापति का 30 वर्षीय पुत्र सुरेश प्रजापति कुछ लोगों के साथ 1 जनवरी को यहां न्यु ईयर पार्टी करने में जुटा था। लोगों की मानें तो अगली सुबह लोगों ने सुरेश को उक्त घर पर देखा भी था। घटना की जानकारी आज शनिवार को तब लगी जब सेप्टिक टैंक से तेज दुर्गंध फैलने लगी।

सूचना पर हुआ कुछ ऐसा...
इलाके में सड़ांध की असहनीय दुर्गंध फैलने के बाद, उस आवास के पास में ही रहने वाले उसके रिश्तेदार बिहारी प्रजापति के द्वारा इसकी सूचना बरगवां पुलिस को दी गई। सूचना के बाद बरगवां निरीक्षक शिव पूजन मिश्रा ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी और सदल बल घटना स्थल पर पहुंचे तथा अग्रिम कार्यवाही में जुट गए। बताया गया है कि इस बड़ी घटना को लेकर प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को बाहर निकालने के लिए जेसीबी बुलाई जिससे सेप्टिक टैंक के समानांतर एक चैनल बनाकर शवों को बाहर निकाला गया है। अब पुलिस इन शवों की पहचान कराने तथा घटना की कड़ियों को जोड़कर मामले से पर्दा हटाने में जुटी है।
पूरे घटना पर एक नजर
शनिवार को दोपहर बाद जिले के बरगवां थाना क्षेत्रांगर्त बड़ोखर गांव में एक नव निर्मित मकान के सेप्टिक टैंक में 4 शव होने की सूचना पर बरगवां पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई। एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलने के बाद कलेक्टर चंद्रशेखर शुक्ला, पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री, अतरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा, अनुविभागीय अधिकारी कृष्ण कुमार पांडेय, निरीक्षक शिवपूजन मिश्रा सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे जेसीबी मशीन से टैंक के समानांतर खोदाई कर शव निकालने के प्रयास में जुट गए। सायं अंधेरा होने से जनरेटर के उजाले में जेसीबी मशीन से समानांतर खुदाई करके शव को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया गया।

पुलिस हत्या के एंगल से भी कर रही अनुसंधान
पुलिस प्रथम दृष्ट्या हत्या की आशंका जता रही है। जानकारी के अनुसार हिंडालको महान गेट नं. 3 के समीप बड़ोखर ग्राम में हरि प्रसाद प्रजापति निवासी जयंत का नवनिर्मित मकान है, उस मकान में कोई हमेशा रहता नहीं है। इसलिए सेप्टिक टैंक का ज्यादा उपयोग नहीं किया गया था, वह लगभग खाली था। ग्रामीणों द्वारा बताया गया है कि हरि प्रसाद प्रजापति का 30 वर्षीय पुत्र सुरेश प्रजापति कुछ लोगों के साथ 1 जनवरी को नए मकान में पार्टी करने में जुटा था।
मृतकों में गृह स्वामी के पुत्र सुरेश का भी मिला शव

बरगवां पुलिस ने बड़ोखर के सनसनीखेज मामले में शनिवार को देर शाम लगभग 7.45 बजे 4 शवों को सेप्टिक टैंक से निकलवा लिया। इसमें दो लोगों की पहचान हुई है। बताया जाता है कि एक मृतक को सुरेश प्रजापति के रूप में उसके परिजनों ने पहचाना। उसके मित्र करण हलवाई के शव को भी पहचान लिया। अन्य दो लोगों के शवों की पहचान होना अभी शेष है। शवों को निकालकर जिला चिकित्सालय के पीएम हाउस ले जाया गया है। मौके पर जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मृतक सुरेश की माँ ने लगाया हत्या का आरोप
बरगवां कांड में सेप्टिक टैंक से मृतक सुरेश का शव बरामद होने के बाद उसकी मां ने बिलखते हुए बताया कि बेटा सुरेश 1 तारीख को सुबह अपने तीन दोस्तों के साथ घर से निकला था और बोला था कि पाही यानी उक्त घर में जा रहा है। दो-तीन घंटे में लौट आएगा। मुझे आशंका है कि बेटे की हत्या की गई है। यह कोई घटना नहीं है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा-
सिंगरौली पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने बताया कि दो शवों की पहचान हो चुकी है। जबकि दो की पहचान अभी होना बाकी है। यह संभवतः हत्या की घटना हो सकती है। चार टीमों का गठन किया गया है। मामले का जल्दी ही खुलासा कर लिया जाएगा।
