शीत लहर व कड़ाके की ठण्ड में रेलवे स्टेशन पर ठिठुरते रहे भोपाल के यात्री

Newspost, Singrauli Desk.

सिंगरौली से सप्ताह में दो दिन हजरत निजामुद्दीन (दिल्ली) तथा 3 दिन भोपाल के बीच चलने वाली ट्रेन भी कोहरे की घनी चादर से प्रभावित हुई है। इस ट्रेन की लेट लतीफी से विभिन्न स्टेशनों पर इसकी प्रतीक्षा करने वाले यात्रियों के लिए आफत के समान ही है। शुक्रवार को यह ट्रेन अपने निर्धारित समय पर दिल्ली स्थित हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से चली थी। लेकिन गंतव्य सिंगरौली यह साढ़े छ: घंटा की देरी से पहुंची।

इस ट्रेन की प्रतीक्षा में सिंगरौली एवं बरगवां रेलवे स्टेशन पर भोपाल जाने वाले यात्रियों के साथ ही ट्रेन से उतरने वाले यात्री एवं उनको रिसीव करने वाले लोग भी देर रात तक ठण्ड से थर-थर कांपते रहे।

जानकारी के अनुसार हजरत निजामुद्दीन सुपर फास्ट एक्सप्रेस गाड़ी संख्या 22168, गत 2 जनवरी को अपने निर्धारित समय पर रात 11:05 मिनट पर हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से रवाना हुई। किन्तु घने कोहरे के चलते लेट होती चली गई। यह ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर सुबह 3:36 बजे के बदले सुबह 7:12 बजे पहुंची। वहीं बरगवां रात 10:15 बजे तथा सिंगरौली रेलवे स्टेशन पर 11:40 मिनट पर पहुंची। जबकि उक्त ट्रेन को सिंगरौली रेलवे स्टेशन पर शाम 5 बजे पहुंचना था।

करीब साढ़े छ: घंटा देरी से उक्त ट्रेन के सिंगरौली पहुंचने के कारण इसे सिंगरौली रेलवे स्टेशन से भोपाल के लिए शाम 7 बजे रवाना होना था। लेकिन उक्त ट्रेन रात 12:30 बजे रवाना हो सकी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *