मारपीट कर उखाड़े थे छात्र के बाल, जवाहर नवोदय विद्यालय का मामला

Newspost, MP Regional Desk.

सिंगरौली, मध्य प्रदेश। 

जवाहर नवोदय विद्यालय पचौर के एक शिक्षक ने कक्षा 6वीं के छात्र को तालीबानी सजा दे दी। घर पहुंचे छात्र ने परिजनों को जब आपबीती सुनाई तो उसके माता-पिता अपने बेटे की हालत देखकर विचलित हो गए। वे छात्र को लेकर कलेक्टर के पास पहुंचे और घटनाक्रम से अवगत कराया। इसके बाद कलेक्टर ने तत्काल शिक्षक को निलंबित करने का आश्वासन दिया।

यह घटना बैढ़न के जेल रोड में स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 6वीं के छात्र के साथ घटी। बताया गया है कि इस विद्यालय के सामाजिक विज्ञान के टीचर सैयद गाजी ने छात्र द्वारा एक प्रश्न का सही उत्तर न दे पाने के बाद उसके साथ मारपीट की और बाल उखाड़ने का अमानवीय कृत्य कर डाला। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार जवाहर नवोदय विद्यालय पचौर में ओड़गड़ी निवासी कक्षा छठवीं के छात्र के साथ ऐसी हिंसा की गई। बताया जाता है कि गत दिवस स्कूल में सोशल साइंस की क्लास स्कूल के शिक्षक सैय्यद गाजी द्वारा ली जा रही थी। उन्होंने छात्र से एक चैप्टर का नाम पूछा। जिसे छात्र नहीं बता पाया तो शिक्षक ने आपा खो दिया। पहले बालक के साथ मारपीट की और फिर कान के ऊपर के बाल उखाड़ दिये। 

शिकायत नहीं करने की दी हिदायत

छात्र के साथ मारपीट करने का मामला तूल पकड़ चुका है। छात्र के अभिभावक विद्यालय में संबंधित शिक्षक के पास पहुंच गए। वे शिक्षक सैय्यद गाजी से मारपीट करने का कारण पूछे तब शिक्षक ने छात्र के माता-पिता पर दबाव बनाने का प्रयास किया। कहा कि यदि घटना के संबंध में कहीं शिकायत की तो छात्र का भविष्य बर्बाद हो जाएगा। इसलिए उक्त घटना को यहीं तक सीमित रखो। शिक्षक की यह बात सुनकर परिजन आक्रोशित हो गए और शिकायत लेकर कलेक्टर के पास पहुंचे।

प्राचार्य का कहना

इस संबंध में जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य डॉ. बीएस गुप्ता ने कहा कि मैं दो दिन से स्कूल में नहीं था। शासकीय कार्य से बाहर गया था। आज जैसे ही मुझे इस घटना की जानकारी मिली मैंने शिक्षक को कारण बताओ नोटिस देकर जवाब मांगा है। साथ ही तीन सदस्यीय जांच टीम भी गठित की है जो मंगलवार शाम तक जांच प्रतिवेदिन प्रस्तुत करेगी।

इनका कहना-

‘जवाहर नवोदय विद्यालय मेें कक्षा छठवीं के छात्र के साथ शिक्षक द्वारा मारपीट व बाल उखाड़ दिया गया। यह मामला संज्ञान में है। संबंधित शिक्षक को निलंबित करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही जांच कमेटी गठित की गई है। जांच प्रतिवेदन मिलने के बाद संबंधित शिक्षक के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।’

चंद्रशेखर शुक्ला, कलेक्टर सिंगरौली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *