मोरवा थाना क्षेत्र में हुई हृदय विदारक घटना, जांच में जुटी पुलिस
Newspost, Regional Desk. सिंगरौली, मध्य प्रदेश
सोमवार को दोपहर लगभग 1 बजे मोरवा थाना क्षेत्रांगर्त ग्राम बड़गड़ में पुआल (पराली) रखे एक खलिहान एवं उसके समीप की झोपड़ी में अचानक भड़की आग से झोपड़ी में सो रहे 10 माह की मासूम बच्ची एवं 3 वर्षीय उसके सगे भाई को जिंदा जलाकर भस्म कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद मोरवा थाना प्रभारी कपूर त्रिपाठी अपने दल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों मासूम सगे भाई-बहनों की मृत्यु हो चुकी थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दौली उम्र 10 माह एवं बाबूलाल पिता सिपाही लाल सिंह गोड़ उम्र 03 वर्ष निवासी ग्राम बड़गड़ खलिहान जहाँ पुआल रखा हुआ था, वहीं बनाई गई झोपड़ी में सो रहे थे। बताया जा रहा है कि सोमवार को दोपहर लगभग एक सवा एक बजे वहां आग लग गई और देखते ही देखते खलिहान, झोपड़ी और दोनों मासूम बच्चों को भस्म करने के बाद ही शांत हुई।
घटना का कारण अज्ञात
यह आग कब, कहाँ और कैसे लगी, यह अन्वेषण का विषय है। अंदेशा यह भी व्यक्त किया जा रहा है कि हो न हो किसी ने वैमनस्य से प्रेरित होकर वहां आग लगा दिया हो। घटना के संबंध में बताया गया है कि किसान सिपाही लाल सिंह गोंड के खलिहान में आग लगा देख लोग हल्ला गोहार करते हुए खलिहान के पास पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास में लग गए। तब तक पता चला की सिपाही लाल का 3 वर्षीय पुत्र बाबूलाल एवं 10 माह की बेटी दौली झोपड़ी में ही सो रहे हैं। इसके बाद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास तेज जरूर कर दिया। लेकिन दावानल से दोनों बच्चे पूरी तरह जल चुके थे। उनकी पीड़ादायक मृत्यु हो गई थी।
शासन ने लगाया सहयोग का मरहम
उक्त खहिलान में कोदौ, धान व सावां का पियरा (पुआल) रखा था जो धूं धूं कर जलता रहा। मौके पर पहुंची मोरवा पुलिस ने 194 बीएनएसस के तहत मर्ग कायम कर पंचनामा तैयार किया तथा मामले को विवेचना में ले लिया है। शासन की ओर से मृतक के परिजन को अंत्येष्टि के लिए 10 हजार रुपये आर्थिक सहायता के रूप में तत्काल दिया गया है। बताया गया कि 4-4 लाख मृतक के पिता के एकाउंट में भेजा जाएगा। फिलहाल आग कैसे लगी इस बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं लग पाई।
मौके पर पहुंचे थे जिले के शीर्ष अधिकारी
मोरवा थाना क्षेत्र के ग्राम बड़गड़ में हृदय विदारक घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर अपर कलेक्टर सिंगरौली पीके सेन गुप्ता, एसडीएम चितरंगी सुरेश जादव, तहसीलदार दुधमनिया दीपेंद्र तिवारी मोरवा थाना प्रभारी कपूर त्रिपाठी सरपंच बगैया दारोगा सिंह सरपंच बड़गड़ समयलाल सिंह व राजस्व टीम पहुंच गई थी। सभी ने परिजनों को ढांढस बांधते हुए उन्हें सहायता राशि प्रदान की। इस प्रकार की घटना की पुर्नवृत्ति नहीं हो इस बारे में आपस में गहन चर्चा भी की गई है।
