Newspost, Sports Desk.
टीम इंडिया के लिए 29 जून 2024, शनिवार का दिन शुभ ही नहीं सिद्ध हुआ, बल्कि यह दिन आने वाले दशकों तक याद भी किया जाएगा। कप्तान रोहित शर्मा के नेतृत्व में भारतीय क्रिकेट टीम ने वेस्ट इंडीज के बारबाडोस में खेले गए ICC MENS T20 WORLD CUP 2024 में सही सोच और सार्थक मेहनत के दम पर दक्षिण अफ्रीका के हाथों में फंसी जीत को झटक लिया। अंतिम लगभग 6 ओवरों में सटीक गेंदबाजी और शानदार क्षेत्ररक्षण के बलबूते पूरी बाजी को पलट दिया और विश्व विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया।
पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही टीम इंडिया
अमेरिका व वेस्ट इंडीज की मेजबानी में आयोजित इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम लीग, सुपर 8, सेमीफाइनल में एक मैच भी नहीं हारी और फाइनल में भी अपना पराक्रम सिद्ध करते हुए साउथ अफ्रीका को 7 रन से हराकर 17 साल बाद फिर से टी20 मेन्स वर्ल्ड कप की शानदार ट्रॉफी पर कब्ज़ा कर लिया। रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने ग्रुप स्टेज, सुपर-8 और सेमी फाइनल में अपने हर विरोधी टीम को हार का स्वाद चखाया। भारत ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड जैसी धाकड़ टीम को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया था। अंत में महामुकाबले में उसने साउथ अफ्रीका को हराकर 11 साल बाद आईसीसी ट्रॉफी और 17 साल बाद टी20 आईसीसी वर्ल्ड कप ट्रॉफी को अपने नाम किया। इस जीत से भारतीय टीम ने जमकर कमाई भी की है।
फाइनल में खेलने वाली दोनों टीमों ने कितना कमाया ?
साउथ अफ्रीका को हराकर टीम इंडिया ने 17 साल के बाद टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी हासिल की है। आपको बता दें वर्ष 2007 में धोनी की कप्तानी में भारत को पहली बार सफलता मिली थी। इस कामयाबी के लिए आईसीसी की ओर से उसे 2.45 मिलियन डॉलर यानि करीब ₹ 20.42 करोड़ का ईनाम मिला। इसके अलावा भारतीय टीम को हर मैच की जीत के लिए 31,154 डॉलर (लगभग 26 लाख रुपए) अलग से मिले हैं। इन सभी को एक साथ जोड़ दें तो भारतीय टीम ने इस टूर्नामेंट से ₹ 22.76 करोड़ की कमाई की है।
टूर्नामेंट के फाइनल में पहली बार पहुंचकर रनर-अप रही साउथ अफ्रीका की टीम को 1.28 मिलियन डॉलर (करीब ₹ 10.67) करोड़ रुपए मिले, जो चैंपियन टीम की प्राइज मनी के आधे के बराबर है। इसके अलावा 8 मैच जीतने के लिए लगभग 2.07 करोड़ रुपए अलग से मिले. साउथ अफ्रीका ने इस टूर्नामेंट से कुल ₹ 12.7 करोड़ की कमाई की है।
सेमीफाइनल हारने वाली अफगानिस्तान व इंग्लिश टीमों को भी इतना मिला
आईसीसी ने सेमीफाइनल में हारने वाली टीमों अफगानिस्तान और इंग्लैंड दोनों को 7,87,500 डॉलर (6.56 करोड़ रुपए) की प्राइज मनी रखी थी। इसलिए उन्हें भी 6.56 करोड़ रुपए के अलावा हर जीत लिए 26 लाख रुपए अलग से दिए गए हैं।
सुपर-8 में पहुंचने वाली टीमों की भी लगी लॉटरी
आईसीसी टी20 टूर्नामेंट में क्वालीफाई करने वाली दर्जन भर टीमों में 4 टीमें सुपर-8 से बाहर हो गई थीं। लेकिन वे सभी मालामाल होकर लौटी हैं। हर टीम को 3,82,500 डॉलर करीब 3.18 करोड़ रुपए दिए गए हैं। इस राउंड में वेस्टइंडीज, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश और अमेरिका बाहर हुए थे जिन्हें ₹ 3.18 करोड़ के साथ ही हर जीते हुए मैच के लिए अलग से 26 लाख रुपए मिले हैं।
ग्रुप स्टेज वाली टीमें भी नहीं हुईं निराश
आईसीसी ने ग्रुप स्टेज से बाहर होने वाली टीमों को भी खाली हाथ नहीं जाने दिया है। आईसीसी ने 9 से 12वीं रैंक की टीम को 2,47,500 डॉलर (करीब ₹ 2.06 करोड़) के साथ हर जीत के लिए 26 लाख रुपए दिए हैं। वहीं 13 से 20वीं रैंक की टीमों को 2,25,000 डॉलर (₹ करीब 1.87 करोड़) के साथ जीते गए मैच के लिये 26 लाख रुपए भी दिए हैं।
