Newspost, Sports Desk.

T20 World Cup के कुल 9 मुकाबलों में भारत ने 8 बार पाकिस्तान को हराया, यह मैच भारत 61 रन से जीता 

ICC CRICKET T20 WORLD CUP 2026 का 27वां मैच टूर्नामेंट शुरू होने के पहले से ही चर्चा में आ गया था। यह मैच उस पाकिस्तान की टीम से होना था जिस टीम को एशिया कप में भारतीय टीम ने धूल चटाया था और हाथ भी नहीं मिलाया था। ICC की फटकार और मैच फीस के घाटे के दबाव में भारत बनाम पाकिस्तान ग्रुप ए का यह दंगल रविवार, 15 फरवरी को कोलंबो के खचाखच भरे आर प्रेमदासा स्टेडियम में हुआ। 
(मैच के ओवर टु ओवर रोमांच के लिए और पढ़ें)
आपको अपडेट कर दें कि इस मैच को जीतकर भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ अपने रिकॉर्ड को और ज्यादा मजबूत कर लिया है। पाकिस्तान की भारत से टी20 वर्ल्ड कप में अब तक 9 बार भिड़ंत हुई है। इन मैचों में पाकिस्तान ने एक ही बार भारत को 2021 के टी20 वर्ल्ड कप में हराया था। जबकि पाकिस्तान के खिलाफ भारत की यह 8वीं जीत है। आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप में रविवार को खेले गए 27वें मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीता लेकिन भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हरा दिया। भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 175 रन बनाए और जीत के लिए 176 रन का लक्ष्य दिया था। पाकिस्तान की टीम दो ओवर पहले ही 114 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ भारतीय टीम अब सुपर-8 राउंड में पहुंच गई है।

जारी है पाकिस्तान के इंटरनेशनल इंसल्ट का सिलसिला 

आपको दुब‌ई में पाकिस्तान की मेजबानी में खेले गए एशिया कप T20 का दृश्य जरूर याद होगा। इस मैच में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तानी कप्तान से हाथ नहीं मिलाया था। इस टूर्नामेंट को भारत ने जीता था। लेकिन पाकिस्तानी मंत्री वह ट्राफी लेकर भाग निकले थे। यहां भी भारतीय कप्तान सूर्या ने हाथ नहीं मिलाया। टॉस के बाद सूर्यकुमार यादव सलमान आगा को अनदेखा कर पवेलियन की ओर चले गए।
इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने ईशान किशन के 77 रन के सहयोग से 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन बनाए। ईशान किशन को अपनी इस पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

ऐसी रही पाकिस्तानी पारी 

पाकिस्तान का विकेट गिरने का सिलसिला पहले ओवर में ही शुरू हो गया। ओपनर साहिबज़ादा फ़रहान पहले ओवर की चौथी गेंद पर बिना खाता खोले हार्दिक पंड्या की गेंद पर लपक लिया गया। वहीं जसप्रीत बुमराह ने दूसरे ओवर की दूसरी और अंतिम गेंद पर दो विकेट विकेट धराशाई कर दिए। उन्होंने सईम अयूब और सलमान आगा को पवेलियन वापस भेजा। अक्षर पटेल ने पांचवें ओवर की पांचवीं गेंद पर बाबर आजम की गिल्लियां उड़ा दी। बाबर आजम ने पांच रन बनाए।
चेज़ करते हुए पाकिस्तान ने 11वें ओवर तक 73 रन के स्कोर पर 5 विकेट गंवा दिए थे। अक्षर पटेल ने क्रीज पर सेट दिख रहे उस्मान खान को कीपर ईशान किशन के हाथों स्टंप आउट करवा दिया। उस्मान ने 34 गेंदों में 44 रन की पारी खेली थी। अगले ओवर में कुलदीप यादव ने मो नवाज को चलता कर दिया। वहीं 13वें ओवर की पहली गेंद पर तिलक वर्मा ने शादाब खान को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। पाकिस्तान के 7 बल्लेबाज 78 रन के स्कोर पर पवेलियन वापस लौट गए। अब भारत की जीत महज औपचारिकता रह गई थी। वरुण चक्रवर्ती ने 16वें ओवर में अपनी तीसरी गेंद पर फहीम और चौथी गेंद पर अबरार अहमद को मैदान से बाहर भेज दिया। 18वें ओवर की अंतिम गेंद पर हार्दिक पंड्या ने उस्मान तारिक को बोल्ड कर पाकिस्तान को ICC T20 WORLD CUP के मैच में 8वीं बार करारी शिकस्त दे दी। 

सुपर 8 में पहुंची टीम इंडिया 

इस मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीता लेकिन भारत ने मैच। भारत की शुरुआत हालांकि अच्छी नहीं रही। पहले ओवर में ही अभिषेक शर्मा के आउट होने के बाद ईशान किशन ने तूफानी पारी खेली। इससे पाकिस्तानी गेंदबाजों के न केवल हौसले पस्त हो गई बल्कि पाकिस्तान शुरुआत में ही बैकफुट पर दिखाई देने लगी। ईशान किशन ने 27 गेंद में ही अपना अर्धशतक पूरा कर लिया था। ओपनर ईशान किशन महज 40 गेंदों पर 10 चौके और तीन छक्के की मदद से 77 रन की पारी खेली। 
भारतीय टीम के लिए 15वां ओवर कुछ भारी था। पाकिस्तानी गेंदबाज सईम अयूब ने इस ओवर की दूसरी गेंद पर तिलक वर्मा और तीसरी गेंद पर हार्दिक पंड्या को चलता कर दिया। लेकिन शिवम दुबे ने इस ओवर की चौथी गेंद को डिफेंड कर सईम अयूब की हैट्रिक पूरी नहीं होने दी। इस मैच में कप्तान सूर्यकुमार यादव एवं शिवम दुबे के बल्ले का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

टूर्नामेंट में अब भारत अपने तीनों मुकाबले जीते हैं। टीम इंडिया अपने सभी मैच जीतकर ग्रुप ए में टॉप पर है। इस मुकाबले को जीतकर सुपर 8 में पहुंच ग‌ई है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *