विधायक चाचा रामलल्लू बैस के प्रस्तावित विकास कार्यों को करूंगा पूरा : राम निवास

Newspost, Election Desk, सिंगरौली.

आज शाम से एमपी में चुनाव प्रचार थम जाएंगे। भाजपा ने सिंगरौली विधानसभा क्षेत्र 80 से तीन बार विधायक रहे निवर्तमान विधायक रामलल्लू बैस का टिकट इस बार कट गया। पार्टी ने 2023 के चुनाव में राम निवास साहू को प्रत्याशी बनाया तब तरह तरह की अटकलें मीडिया रिपोर्ट्स में आने लगीं। चर्चाओं में विरोध को राजनीतिक जानकारों ने भितरघात भी कहा। इन सबके बीच मंगलवार को पार्टी द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधायक रामलल्लू बैस ने खुलकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह एवं बीजेपी सरकार की तारीफ़ की। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान हुए विकास कार्यों की विस्तृत चर्चा की और राम निवास को भरपूर समर्थन तथा अधिकाधिक मतों के अंतर से विजयी बनाने की अपील भी की।

प्रेस मीट में विधायक प्रत्याशी राम निवास ने कहा कि सिंगरौली को जिला बनाने से लेकर मेडिकल कॉलेज, रिहन्द माइक्रो सिंचाई परियोजना, हवाई अड्डा, माइनिंग कालेज, कृषि कॉलेज सहित अनेकों विकास कार्य और परियोजनाओं को सिंगरौली विधायक रामलल्लू बैस जी के अथक प्रयास से मंजूर किया गया। हमारे प्रिय विधायक चाचा रामलल्लू बैस के विकास रथ को आगे बढ़ाने की महती जिम्मेदारी अब इस भतीजे के कंधों पर है। उन्होंने कांग्रेस को हर अच्छे कार्य का विरोधी बताया। कहा कि सिंगरौली को जिला बनाने की राह में अंतिम समय तक कांग्रेस ने रोकने का प्रयास किया। यही कांग्रेस भगवान राम का मंदिर बनाने का भी विरोध करती रही। 

इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राम सुमिरन गुप्ता ने कहा कि भाजपा एक काडर बेस पार्टी है। सभी कार्यकर्ता अपनी क्षमता से चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। सिंगरौली जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में बीजेपी के प्रत्याशियों को अपार समर्थन मिल रहा है। बताया कि 3 दिसंबर को तीनों सीटों पर कमल खिलेगा और पूर्ण बहुमत से मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी।

भाजपा द्वारा आयोजित प्रेस कॉफ्रेंस में शामिल उत्तर प्रदेश के राज्य सभा सांसद राम सकल, विधायक सिंगरौली रामलल्लू बैस, भाजपा जिलाध्यक्ष राम सुमिरन गुप्ता, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गिरीश द्विवेदी ने कहा कि प्रदेश में फिर से पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। इन नेताओं के साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित दिलीप शाह अध्यक्ष सीडा, महामंत्री सुंदर शाह, कार्यालय मंत्री के के कुशवाहा, गिरिजा पांडेय, मीडिया प्रभारी नीरज सिंह व अन्य सभी नेताओं ने भाजपा प्रत्याशी राम निवास शाह को भारी मतों से जिताने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *