आज से सीधी विधानसभा क्षेत्र में निकालेगें न्याय यात्रा
Regional Desk, RB Singh ‘Raaz’, सीधी,MP.
सीधी विधानसभा से चार बार के विधायक केदारनाथ शुक्ल ने आगामी विधानसभा के परिप्रेक्ष्य में टिकट कटने पर सोमवार को महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जयंती अवसर पर सीधी शहर में शक्ति प्रदर्शन किया जिसमें उनके समर्थक भाजपा कार्यकर्ता और व्यक्तिगत समर्थक शामिल रहे।
इस दौरान आम सभा को संबोधित करते हुए विधायक केदारनाथ शुक्ल ने कहा कि भाजपा छाप नकली नेताओं से असली कार्यकर्ता दूरी बना लें। विश्व अहिंसा दिवस एवं चतुर्थी श्राद्ध दिवस पर सीधी विधायक ने न्याय यात्रा का शंखनाद करते हुए कहा कि जब तक अपना विजय पताखा हासिल नहीं होता तब तक यह न्याय यात्रा लगातार चलती रहेगी। हम भाजपा के असली कार्यकर्ता हैं और असली कार्यकर्ताओं को पार्टी व पद से इस्तीफा देने की कोई आवश्यकता नहीं है।
बता दें कि विधान सभा क्षेत्र 77 सीधी से पार्टी ने सासंद रीती पाठक को विधायक पद का उम्मीदवार घोषित किया है, घोषणा के बाद केदार समर्थकों में निराशा देखने को मिली थी, तो कई केदार समर्थकों ने पलक झपकते ही पाला बदलने में देरी नहीं की। ऐसे में सीधी विधायक केदार नाथ शुक्ल ने 2 अक्टूबर को कमल कुटी निज निवास से कलेक्ट्रेट चौक तक आक्रोश रैली निकालते हुए पंडित दीनदयाल पार्क में आम सभा को संबोंधित करते हुए कहा कि मेरे साथ व सीधी की जनता के साथ घोर अन्याय हुआ है।
आज से निकल जाएगी न्याय यात्रा
विधायक केदारनाथ शुक्ल ने कहा कि जनता की सेवा करने वाले को टिकट मिलनी चहिए आज मंगलवार से गाँव गाँव घर घर तक अन्याय के खिलाफ न्याय यात्रा निकाली जायेगी जिसमें तन मन और धन से सच्चे कार्यकर्ता व पदाधिकारियों का सहयोग सादर अपेक्षित है। श्री शुक्ल ने आगे बताया कि अगर भाजपा से टिकट नहीं दिया जाता है तो मैं निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लडूंगा।

विधायक के सबसे करीबी समर्थक चले गए चित्रकूट
सीधी विधायक के सबसे करीबी समर्थक एवं जनपद पंचायत सीधी के अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह परिहार ही इस शक्ति प्रदर्शन रैली के दौरान नदारद रहे। उन्होंने सोशल मीडिया में सुबह ही पोस्ट कर दिया था कि हम मंदाकिनी में दर्शन करने आए हैं। वो अचानक मंदाकिनी पहुंचे जबकि विधायक के समर्थकों का मानना है कि उनके इस संघर्ष और संकट की घड़ी में श्री परिहार को उनका साथ देना चाहिए। राजनीतिक खेमे में ये भी चर्चा है कि धर्मेंद्र सिंह परिहार सीधी विधायक की विशेष अनुकंपा पर ही भाजपा की तरफ से सीधी जनपद पंचायत के अध्यक्ष बने थे जो भाजपा के पदाधिकारी भी हैं।
पर बदली हुई परिस्थितियों में यदि वो पार्टी से बगावती रुख करने वाले सीधी विधायक के साथ जाते हैं और भाजपा कोई कार्यवाही करती है तो उनके जनपद अध्यक्ष पद की कुर्सी से लेकर उनके पार्टी के पद पर भी खतरा उत्पन्न हो सकता है। इस कारण वो अभी तक भाजपा के जिस सीधी विधायक के साथ दिन-रात साए की तरह रहते थे उनके रैली से ही उन्होंने परहेज कर लिया और धार्मिक यात्रा पर चले गए।
मंडल अध्यक्षों पर भी कार्यवाही की दिख रही उम्मीदें
सीधी विधायक की इस रैली में भाजपा के चार मंडल अध्यक्ष कार्यक्रम में मौजूद थे। पार्टी की गाइडलाइन की मानें तो जब पार्टी ने सांसद रीती पाठक को सीधी विधानसभा में प्रत्याशी बनाया है फिर पार्टी के खिलाफ विधायक केदारनाथ शुक्ला के पार्टी विरोधी कार्यक्रम में वो कैसे पहुंचे इसके अलावा कुछ अन्य पदाधिकारी भी गए थे। इन सब पर कार्यवाही की गाज गिरने की ज्यादा उम्मीदें हैं।
वहीं अन्य पार्टी पदाधिकारियों को भी भाजपा द्वारा चिन्हित किया जा रहा है, अब देखना है कि इस लोगों पर क्या कार्यवाही होती है। सांसद एवं सीधी विधानसभा की प्रत्याशी रीती पाठक की भी नजर सीधी विधायक के साथ शामिल होने वाले नेताओं पर है। उन पर गाज गिरने की ज्यादा उम्मीदें मानी जा सकती हैं।
पूरी जानकारी लेने के बाद ही कुछ कह पाएंगे: देवकुमार
इस मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष देव कुमार सिंह ने अपने दिए एक बयान में कहा कि हम इस मामले में पूरी जानकारी लेंगे। कौन-कौन मंडल अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी शामिल थे। पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि गाइडलाइन से हटकर कोई भी भाजपा नेता यदि पार्टी के खिलाफ जाएगा तो ऐसे नेताओं एवं कार्यकर्ताओं पर कार्यवाही की जाएगी। चुनाव के दौरान भाजपा से हटकर काम करने वाले नेताओं पर कार्यवाही की गाज गिरेगी। उन्होंने कहा कि हमें भी मालुम है कि चार मंडल अध्यक्ष गए थे जिनमें से मैने एक मंडल अध्यक्ष संजय से बात भी किया तो उन्होने कहा कि अब दोबारा नहीं जाएंगे, अचानक बुला लिया गया इसलिए चला गया। पूरा भाषण व जानकारी रात में सुनने के बाद कल आपसे बात करूंगा।
