पत्नी से हुआ था विवाद, बेटी की कर दी हत्या,आरोपी को पकडने 3 टीमों का किया गया था गठन
Regional Desk, RB Singh ‘Raaz’, सीधी, MP.
एक कहावत है कि- ‘जब पाप मनुज पर छाता है पहले विवेक मर जाता है।’ ऐसी ही एक हृदय विदारक घटना गत दिवस सीधी जिले के वनांचल क्षेत्र में सामने आई है। इस घटना का खुलासा होने के उपरांत हर सुनने और देखने वाला हैरान रह गया।
मामले के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के कुसमी थाना क्षेत्र की सीताकली सिंह पति ललन सिंह उम्र 40 वर्ष ने शनिवार को रिपोर्ट दर्ज कराया कि मेरी ससुराल भदौरा थाना कुसमी में हैं और मैं इस साल जन्माष्टमी के दिन अपने पति और 3 लडक़े एवं (मृतका) शिशु फूलमत उम्र 3 माह के साथ अपने मायके चितरौली थाना भुईमाड़ आयी थी। जिसके बाद 29 सिंतबर को शाम को मेरे पति मेरे ससुराल गांव में घूम फिर कर वापस आये और बोले कि कल हम लोग भदौरा चलेंगे तब महिला ने कुछ दिन और मायके में रूकने की बात कही। इस पर पति गुस्से में आकर हमेशा की तरह गाली गलौज करने लगा।
सीताकली सिंह ने बताया कि मेरे पति ने गुस्से में आपा खो दिया और मेरी गोद में लेटी मेरी छोटी बेटी फूलमत उम्र 3 माह को उठा लिया और भागने लगा। जब मैंने रोकने की कोशिश की तो मुझे लात से मारकर दूर कर दिया और रोती हुई बच्ची को साथ ले जाने लगा। बच्ची उसकी गोद में बहुत रो रही थी तो मेरे पति ने गुस्से आक्रोश में आकर उसे जमीन पर पटक दिया जिससे उसके सिर से खून निकलने लगा और कुछ देर बाद ही फूलमत की सांसें रूक गई। इस घटना के बाद आरोपी पिता वहां से फरार हो गया।
इस घटना की रिपोर्ट होने के उपरांत तत्काल भुइमाड़ पुलिस ने मर्ग कायम करके मासूम के शव को पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
भुईमाड़ थाना प्रभारी आकाश सिंह राजपूत द्वारा आगे की जांच करते हुए पीएम रिपोर्ट एवं सबूत जुटाकर आरोपी पिता ललन सिंह की तलाश प्रारंभ कर दी गई। आरोपी लगातार बचने छिपने का प्रयास कर रहा था और पकडे जानें से भय से जंगल में छुप गया था। उसको पकड़ने के लिए पुलिस द्वारा अलग-अलग तीन टीमों का गठन किया गया। जिसमें एक टीम आरोपी के गृहग्राम भदौरा, तो दूसरी टीम रेल्वे स्टशनों व मुख्य स्थानों पर एवं तीसरी टीम चितरौली ग्राम के जंगल में थाना प्रभारी के साथ साथ तैनात रही।
जगह-जगह मुखविर को चौकन्ना किया गया था। रात्रि करीबन एक बजे मुखविर की सूचना पर ग्राम चितरौली के बाहर बने एक घर में आश्रय मांगते वक्त पुलिस टीम ने आरोपी को धर दबोचा और थाने लाकर कागजी कार्यवाही के पश्चात न्यायालय मझौली में पेश किया गया। जहां से आरोपी को जिला जेल भेजा गया।
