जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने विद्यालयों का किया निरीक्षण,जगह-जगह दिखी समस्याएं,निराकरण कराने का दिया आश्वासन
News Desk, NPG Media, सिंगरौली, MP.
बुधवार को जिला पंचायत उपाध्यक्ष अर्चना-नागेन्द्र सिंह ने माध्यमिक विद्यालय सिद्धी खुर्द, सिद्धीकला, काम, मझौली, शाउमावि तियरा, चांचर, बालक एवं कन्या बैढ़न का औचक निरीक्षण किया तो उन्हें जगह-जगह समस्याओं का अंबार दिखा। चांचर विद्यालय में तो छात्र-छात्राओं की उपस्थिति न्यून पायी गई।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष अर्चना सिंह ने मावि सिद्धी खुर्द एवं सिद्धी कला व तियरा विद्यालय का क्रमवार निरीक्षण किया। तियरा विद्यालय में बाउन्ड्री वॉल, नाली निर्माण व साइकिल स्टैण्ड एवं भवन के छतों का मरम्मत कराने व पंखे लगाये जाने की मांग की गई। वहीं बैढ़न बालक विद्यालय में निरीक्षण के दौरान कक्षों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया गया। वहीं उमावि कन्या बैढ़न का निरीक्षण में वाटरकूलर, आरओ सिस्टम एवं खेल मैदान की कमी पाई गयी। इसके पूर्व काम विद्यालय के निरीक्षण के दौरान दो अतिरिक्त शौचालय बनाने की मांग की गई। वहीं भवन के सीलिंग से सीपेज होने के कारण मलबा गिरने की भी शिकायत मिली।
चांचर विद्यालय में नहीं है महिलाओं के लिए टॉयलेट
निरीक्षण के दौरान चांचर उमावि जहाँ छात्र-छात्राओं की संख्या 6 सैकड़ा से पार है, वहां बुधवार को छात्रों की उपस्थिति नगण्य थी। उपाध्यक्ष को शिक्षकों ने बताया कि बारिश की वजह से उपस्थिति कम है। वहीं महिला शिक्षकों ने यह भी बताया कि यहां महिलाओं के लिए टायलेट नहीं है। लाइब्रेरी बनाये जाने पर जोर दिया गया। साथ ही किचनशेड के निर्माण करायेे जाने की मांग की। उमावि मझौली के निरीक्षण में भी खिड़की,दरवाजों के मरम्मत कराने हेतु ध्यान आकृष्ट कराया गया।
