सोम- मंगल की रात मोरवा थानांतर्गत झिंगुरदह में हुई थी घटना
Newspost, City Desk, सिंगरौली, A. Anand.
श्रृंंगि ऋषि की भूमि सिंगरौली के मोरवा थाना के झिंगुरदह एरिया में दो नवयुवकों ने अपने नशे की लत के चलते राहजनी व लूटपाट की घटना कर दी। हालांकि समय रहते पुलिस ने तत्परता से दोनों कथित आरोपियों को गिरफ्त में लेते हुए फरयादी से लूटा गया मोबाइल भी बरामद कर लिया। बताया जाता है कि ये आरोपी आदतन अपराधी हैं जिनके ऊपर पूर्व में भी मामले पंजीबद्ध हैं। मोरवा पुलिस जिले में मोबाइल लूट अथवा चेन स्नेचिंग की अन्य घटनाओं में भी उनका हाथ होने की संभावनाओं को लेकर पड़ताल कर रही है।
बताया गया है कि गत 5 फरवरी की रात करीब 10 बजे झिगुरदह स्थित पटेल आटा चक्की के पास फरियादी मनीष कोल पिताजी जुगुन कोल निवासी करेला अपने मालिक रामकुमार बैस के घर से निकला और अपने निवास की ओर जा रहा था। फरियादी द्वारा दिये गए कथन के अनुसार, वहां तभी पल्सर बाइक क्रमांक एमपी 66 जेडए 8240 पर सवार आरोपी गौरव विश्वकर्मा एवं उसका नाबालिक साथी पहुंचे और डराते धमकाते हुए मोबाइल लूट लिया तथा वहां से फरार हो गए। तब फरियादी ने अपने एक परिचित दोस्त के मोबाइल से पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर निरीक्षक अशोक सिंह परिहार ने पुलिस टीम भेजा और घटना में शामिल बाल अपचारी को चटका तिराहे से धर दबोचा। जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे का लाभ लेकर फरार हो गया।
पुलिस ने पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर दूसरे आरोपी गौरव विश्वकर्मा पिता दीपक विश्वकर्मा उम्र 18 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 3 एमपीईबी कॉलोनी को घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से लूटा गया रेडमी मोबाइल भी बरामद कर लिया है। आरोपियों ने बताया कि नशे की लत एवं अपनी जरूरत को पूरा करने के लिए उन्होंने इस आसान रास्ते को अपनाया था। हालांकि दोनों अब पुलिस की गिरफ्त में हैं। मोरवा पुलिस ने अपराध क्रमांक 99/24 धारा 394 भादवि के तहत जहां गौरव विश्वकर्मा को न्यायालय में पेश किया, वहीं उसके साथी बाल अपचारी को विधि संगत बाल न्यायालय में पेश किया है।
उक्त कार्यवाही में सहायक उप निरीक्षक प्रवीण मरावी, जयराम गुप्ता, प्रधान आरक्षक विक्रम सिंह, अर्जुन सिंह, आरक्षक ऋषि सिंह, नीरज यादव व सौरभ सिंह की अहम भूमिका रही।
