चितरंगी तहसील के केकरावं गांव की भीषण घटना में किसान को लाखों की क्षति

Newspostg, Regional MP Desk.

सिंगरौली, मध्य प्रदेश। यूपी सीमा पर स्थित गढ़वा थाना क्षेत्र के केकरावं गांव में शुक्रवार की दोपहर सत्यनारायण बैस के घर में अचानक भड़की आग ने देखते ही देखते मकान, ट्रैक्टर, थ्रेसर को तो भस्म किया ही, वहां बंधी दो भैंसे भी जिंदा जलकर खाक हो गईं।

खबर मिलते ही आसपास के लोग वहां पहुंचे और आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगे। आननफानन मौके पर पुलिस तथा वन विभाग की टीम भी पहुंची और आग को बुझाने के प्रयास में लग गए। लेकिन तब तक सब कुछ जलकर खाक हो चुका था।ओडऩी ग्राम पंचायत के केकरावं गांव निवासी सत्यनारायण बैस पिता लालचंद बैस के कच्चे मकान में शुक्रवार की दोपहर अचानक आग लग गई थी। इस घटना में जनहानि की कोई सूचना नहीं है।

बताया जा रहा है कि आग से मकान, अनाज, परिवार जनों के कपड़े व अन्य गृहस्थी के सामान एवं ट्रैक्टर, थ्रेसर के अलावा दो भैंस भी जलकर भस्म हो गईं। आग इतनी भयावह थी कि राहत एवं बचाव कार्य में लगे लोग बेबस नजर आ रहे थे। स्थानीय ग्रामीणों के साथ पुलिस तथा वन विभाग की टीम आग पर काबू पाने के लिए अनेक प्रयास करती रही। वहाँ दो घण्टे बाद देवसर से फायर ब्रिगेड भी पहुंची। लेकिन तब तक सब कुछ जलकर नष्ट हो चुका था।

सब कुछ स्वाहा, खुले आकाश के नीचे आ गया पीड़ित का परिवार

आगजनी की इस घटना में सत्यनारायण बैस को लगभग 20 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति के नष्ट हो जाने की संभावना व्यक्त की जा रही है। बताया जाता है कि जंगल के इर्द गिर्द लगी आग अथवा बिजली का शार्ट सर्किट आगजनी का कारण हो सकता है। इस घटना ने सत्यनारायण के परिवार को खुले आसमान के नीचे ला दिया है। देखना यह होगा कि शासन पीड़ित को कितनी और कब तक क्षतिपूर्ति की राशि उपलब्ध कराती है।

One thought on “Painful: अज्ञात कारणों से घर में लगी आग से दो भैंसें जिंदा जलीं, ट्रैक्टर, थ्रेसर, घर सहित घरेलू सामान भी भस्म”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *