Newspost, Regional Desk, A. Anand, Singrauli.
स्थानीय उत्कृष्ट श्री साईं शैल मंगलम महाविद्यालय, सिंगरौली में वीर बाल दिवस का आयोजन बड़े ही उत्साह के साथ किया गया। स्थानीय गुरुद्वारा समिति के अध्यक्ष तारसेम सिंह गिल उक्त अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप मे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारम्भ करते हुए महाविद्यालय के छात्र संघ प्रभारी रामजी शुक्ला ने नवगठित छात्र संघ पदाधिकारियों को प्राचार्या श्रीमती अनुपमा श्रीवास्तव के माध्यम से शपथ ग्रहण कराया। महाविद्यालय के निदेशक गोपालजी श्रीवास्तव ने समस्त पदाधिकारियों को अपनी शुभकामना दी और महाविद्यालय द्वारा जारी प्रमाणपत्र प्रदान किया। शपथ ग्रहण समारोह के उपरान्त वीर बाल दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र संघ अध्यक्ष शाहीन परवीन ने सिक्खों के दसवें गुरु गुरु गोविन्द सिंह जी के साहबजादों के महान बलिदान पर प्रकाश डाला।
वीर बाल दिवस के कार्यक्रम के मुख्य वक्ता तरसेम सिंह गिल ने गुरु गोविन्द सिंह जी के जीवन पर विस्तृत प्रकाश ड़ालते हुए भारत पर औरंगज़ेब के आक्रमण के समय सिक्खों के बलिदान व औरंगज़ेब के सेनापति वज़ीर खान द्वारा गुरु गोविन्द सिंह जी के साहबजादों के उल्लेखनीय बलिदान का विस्तृत वर्णन किया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के छात्राओं के लिए रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रथम पुरस्कार बीकॉम द्वितीय वर्ष की रीतू कुमारी , द्वितीय स्थान बीए प्रथम वर्ष की कोमल विश्वकर्मा व तृतीय स्थान पर बीए तृतीय वर्ष की शांति पनिका ने प्राप्त किया।

कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के निदेशक गोपाल जी श्रीवास्तव ने आये हुए मुख्य वक्ता को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। उक्त अवसर पर महाविद्यालय के स्टॉफ काउंसिल अनिल कुमार केशरी, युवा उत्सव व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी मो. जावेद, छात्र संघ प्रभारी रामजी शुक्ला, वरिष्ठ प्राध्यापकों में दिनेश श्रीवास्तव, कुलदीप कौर, अरविन्द बैस, विनोद कुमार विश्वकर्मा, अर्पिता विस्वास, पूनम झा, राजेश कुमार बैस, किरण सिंह,अश्विनी कुमार सिंह व सनिल कुमार दास उपस्थित रहे।
