पुलिस लाईन के समीप हुआ हादसा, पुलिस कर्मियों के सहयोग से टली बड़ी दुर्घटना

Newspost, Regional Desk, RB Singh ‘Raaz’.

सीधी, एमपी। पुलिस लाईन परेड ग्राउंड के समीप कल बुधवार सुबह एक स्कूली बस अचानक आग लगने से जलने लगी। हादसे के दौरान बस में करीब आधा दर्जन बच्चे सवार थे। बस में आग लगते ही बच्चों की चीख-पुकार गूंजने लगी। गनीमत ये रही कि स्कूल बस में ये हादसा पुलिस लाईन एवं कंट्रोल रूम के समीप हुआ। जिसके चलते आनन-फानन में काफी संख्या में पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच गए और बस के अंदर फंसे बच्चों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। इस दौरान कई पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। तत्काल नगर पालिका के फायर ब्रिगेड को स्कूल बस में आग लगने की सूचना देकर बुलाया गया। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर जलती बस पर पानी के फव्वारे डालकर आग पर काबू पाया। बताया गया है कि हादसे के वक्त सुबह एसआईटी पब्लिक स्कूल की बस बच्चों को लेने के लिए जा रही थी। बस में उस दौरान करीब आधा दर्जन बच्चे ही सवार थे। स्कूली बस पटपरा की ओर बच्चों को लेने के लिए जा रही थी। यदि ये हादसा मार्ग में कुछ दूर होता तो कोई बड़ी घटना हो सकती थी। 

पुलिस कर्मियों ने बस में फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला 

पुलिस लाईन ग्राउंड के समीप हादसा होने से पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए बस के अंदर फंसे सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में आग लगने का प्रमुख कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। सीधी-पटपरा मार्ग में उक्त हादसा होने के बाद पुलिस द्वारा वाहनों की आवाजाही रोंक दी गई थी। इस हादसे में स्कूली बस पूरी तरह से जलकर खाक हो गई है। बाद में पुलिस द्वारा मौके पर क्रेन बुलाकर बीच सडक़ में खड़ी स्कूली बस को हटवाया गया। जिसके बाद मार्ग में आवागमन शुरू हो सका। 

जिस दौरान स्कूली बस धू-धूकर आग से जल रही थी। उस दौरान लोगों की काफी भीड़ मौके पर जमा थी। लोग जलती बस का वीडियो बनाने में भी लगे हुए थे। बाद में मौके पर पहुंचकर कोतवाली पुलिस द्वारा विवेचना शुरू की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *