एसडीआरएफ, एनडीआरएफ की टीम तलाश में जुटी
News Desk, सिंगरौली, मध्य प्रदेश।
प्यास बुझाने नदी तट पर गए एक बुजुर्ग को मगरमच्छ द्वारा पानी में खींच लिये जाने की घटना सोन घड़ियाल अभयारण्य क्षेत्र से प्रकाश में आई है।
यह घटना सिंगरौली जिले के गढ़वा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है। मगरमच्छ द्वारा खींच लिये गए बुजुर्ग की तलाश की जा रही है।अभी तक कोई पता नहीं चल सका है।
नाव के आने की प्रतीक्षा कर रहे थे पथिक
घटना के बारे में अनुविभागीय अधिकारी हिमाली पाठक ने बताया कि गढ़वा थाना क्षेत्र के नौडिहवा के क्योंटीली में नाव के आने की प्रतीक्षा कर रहे तीन लोग घाट किनारे बैठे थे। इनमें से एक रामधन केवट पिता मंगल केवट जो पानी पीने के उद्देश्य से तट पर गया था, उसको मगरमच्छ ने पानी में खींच लिया। वे लोग तेज बारिश में नाव का इंतजार कर रहे थे, इसी बीच तीनों व्यक्तियों में से एक रामधन को प्यास लगी और वह प्यास बुझाने नदी के किनारे चला गया। वहां शिकार की प्रतीक्षा कर रहा पानी में बैठा मगरमच्छ रामधन के वहां पहुंचते ही उसे पानी में खींच ले गया।
हरकत में आया प्रशासन, खोज कर रहे बचाव दल
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। एसडीओपी हिमाली पाठक, थाने एवं चौकी के बल व एसडीआरएफ की टीम के साथ बुजुर्ग की तलाश में जुट गए। अंधेरा हो जाने के कारण तलाश अभियान रोक दी गई। रविवार तड़के से ही एनडीआरएफ की टीम भी घटनास्थल पहुंची और बुजुर्ग की तलाश में जुटी है। अभी तक सफलता हाथ नहीं लग सकी है।
