शव को सडक़ पर रखकर परिजनों ने किया चक्काजाम, 5 लोगों पर लगाया जहर देने का आरोप   

R.B. Singh ;Raaz’

Regional desk,सीधी, मध्य प्रदेश॰ 

सीधी के धनहा गांव में दोस्तों के साथ शराब पार्टी में शामिल एक अधेड़ की तबीयत अचानक बिगड़ गई। आनन-फानन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर नैकिन पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के पश्चात मृत घोषित कर दिया। परिजनों की सूचना पर रामपुर नैकिन थाना पुलिस ने पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। कल शुक्रवार सुबह आक्रोशित परिजनों द्वारा लाश को खड्डी मुख्य मार्ग पर रखकर चक्काजाम कर दिया जिसे प्रशासन के समझाने के बाद समाप्त कर दिया गया। 

परिजनों का आरोप था कि पांच लोगों द्वारा सुनियोजित तरीके से शराब में जहर मिलाकर पिला दिया गया। यही मौत की वजह है। वे आरोपियों के विरुद्ध हत्या का मामला पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। चक्काजाम की खबर मिलते ही पुलिस चौकी खड्डी प्रभारी प्रमोद कुमार तिवारी अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की त्वरित विवेचना कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिसके बाद करीब डेढ़ घंटे में चाक्काजाम समाप्त हुआ और परिजन लाश लेकर अंतिम संस्कार के लिए रवाना हुए।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम धनहा निवासी रामनाथ तिवारी 52 वर्ष अपने घर के समीप ही 5 अन्य लोगों के साथ गुरुवार की दोपहर शराब का सेवन कर रहे थे। दोपहर करीब ढाई बजे उनकी तबियत बिगड़ गई और वह नीचे जमीन पर गिर गए। यह जानकारी मिलते ही मौके पर परिजन पहुंचे और रामनाथ तिवारी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर नैकिन पहुंचाया गया। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। जिसके बाद परिजनों ने रामपुर नैकिन थाना पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद लाश परिजनों को सौंपा गया।

चक्काजाम के दौरान मृतक की पत्नी, भाई, बेटी एवं अन्य लोगों ने आरोप लगाया किया गांव के ही रामनरेश बैस, रामाधार केवट, कृष्णकुमार शुक्ला, चंद्रभान शुक्ला एवं एक अन्य व्यक्ति ने साथ में बैठकर रामनाथ तिवारी के साथ शराब पिया। इसी दौरान जहर मिलाकर पिला देने से रामनाथ तिवारी की तबियत बिगड़ी और मौत हो गई। परिजनों की मांग थी कि आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जाए। खड्डी चौकी प्रभारी के पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई का आश्वासन देने पर चक्काजाम समाप्त किया गया। 

डेढ़ घंटे तक वाहनों के थमे रहे पहिए 

धनहा गांव के खड्डी मुख्य मार्ग में लाश सडक़ पर रखकर परिजनों द्वारा चक्काजाम कल सुबह करीब 8 बजे से शुरू कर दिया गया था। चक्काजाम के दौरान सडक़ पर बाईक खड़ी कर दी गई थी। जिससे वहनों की आवाजाही न हो सके। मृतक के घर की कई महिलाएं भी चक्काजाम के दौरान बैठकर विलाप करती रहीं। उनके समर्थन में काफी संख्या में ग्रामीणजन भी मौके पर उपस्थित थे। इनका आरोप था कि शराब का सेवन जब रामनाथ तिवारी कर रहे थे उसी दौरान साथ में बैठकर पीने वाले पांच व्यक्तियों के द्वारा साजिश पूर्वक जहर शराब में मिलाकर पिला दी गई थी। इसी वजह से रामनाथ तिवारी की हालत अचानक बिगड़ी और वह नीचे लुढक़ गए। इसके बाद घर के लोगों को जब तबियत बिगडऩे की सूचना मिली तो उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर नैकिन पहुंचाया गया। जहां मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों का आरोप था कि किसी रंजिश के चलते की शराब के साथ जहर दिया गया है। मामले का खुलासा करनें के लिए पुलिस द्वारा सभी पांचों आरोपियों गिरफ्तार किया जाए और उनसे कड़ाई के साथ पूछताछ की जाए तो पूरा सच सामने आ जाएगा। चक्काजाम के दौरान काफी संख्या में वाहन फंसे रहे। 

इनका कहना है॰॰

रात करीब साढ़े 9 बजे लाश लेकर परिजन घर आए थे। आज सुबह शराब में जहर मिलाने की बात करके चक्काजाम शुरू कर दिए थे। उनके समझाने के बाद चक्काजाम समाप्त हुआ। आगे की विवेचना की जा रही है। 

प्रमोद कुमार तिवारी 

चौकी प्रभारी, खड्डी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *