Newspost, MP Election Desk. Rohit Gupta.
मध्य प्रदेश। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, अनुपम राजन ने तीसरे व चौथे चरण के मतदान की तैयारियों के संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ वर्चुअल माध्यम से समीक्षा की। उन्होंने 1 और 7 मई को सभी मतदान केन्द्रों में 'चलें बूथ की ओर' अभियान चलाने के निर्देश देने के साथ कहा कि मतदाताओं से जीवंत संवाद करें, उन्हें समझाएं कि वोट करना उनका संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने मतदाता जागरुकता गतिविधियों में और तेजी लाने तथा मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लाने तथा अधिकाधिक मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) श्री राजन ने मतदान प्रतिशत बढ़ाने हेतु रणनीति बनाकर विशेष गतिविधियाें को आयोजित करने को कहा, ताकि हर मतदाता को याद रहे कि मतदान के दिन उसे वोट करना ही है। मतदाताओं से सम्पर्क के दौरान वोटर पर्ची के साथ वोटर आईडी या 12 वैकल्पिक फोटोयुक्त दस्तावेजों में से कोई एक दस्तावेज लेकर आने के संबंध में जागरुक करें।
उन्होंने कहा कि मतदान के तीसरे और चौथे चरण के संसदीय क्षेत्रों के सभी मतदान केन्द्रों में संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएं जिसमें उस बूथ के सभी मतदाताओं को आमंत्रित किया जाए। उन्हें मतदान से संबंधित हर तरह की जानकारी देने के साथ ही शंकाओं का समाधान करने को कहा। तीसरे चरण में प्रदेश के 9 लोकसभा क्षेत्रों में मतदान होना है। इसके अंतर्गत 20 हजार 456 मतदान केंद्रों पर ‘चलें बूथ की ओर’ अभियान चलाया जाएगा।
तीसरे चरण में बैतूल, मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल और राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र शामिल हैं। चौथे चरण में 8 लोकसभा क्षेत्रों देवास, उज्जैन, मंदसौर, रतलाम, धार, इंदौर, खरगोन, खंडवा के 18007 मतदान केंद्रों पर यह अभियान चलाया जाएगा।

वीसी में संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मनोज खत्री, तरुण राठी, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी प्रमोद शुक्ला उपस्थित रहे।
#Election Commission of India
