मौके पर पहुंची बरगवां पुलिस ने आग को काबू में किया, बची दूसरी दुकानें
Newspost, Regional Desk, A. Anand.
सिंगरौली, मध्य प्रदेश। बरगवां थाना क्षेत्र के गोनर्रा तिराहे में एक मोबाइल दुकान में देर रात भड़की आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। अग्निकांड में वहां रखे लाखों के मोबाइल फोन व अन्य सामान जलकर खाक हो गये। इसकी जानकारी लोगों को सुबह मिलने पर पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची बरगंवां पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया गया होता तो आग और भी दुकानों को अपने चपेट में ले लेती और भीषण हादसा हो जाता।

प्राप्त विवरण के अनुसार गोनर्रा स्थित ‘श्रद्धा मोबाइल केंद्र’ में शुक्रवार व शनिवार की देर रात शार्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। रात होने के कारण किसी को घटना के बारे में पता नहीं चल सका। सुबह जब झाड़ू लगाने एक व्यक्ति वहां पहुँचा तो उसने शटर के अंदर से धुआं उठता देखा। स्थिति को भांपते ही उसने दुकान मालिक को इसकी सूचना दी। इसके बाद मोबाइल केंद्र संचालक पिंटू जायसवाल पिता सुभाष जायसवाल ने बरगवां थाने में आग की जानकारी दी।
आगजनी की घटना की जानकारी मिलते ही बरगवां निरीक्षक विद्या वारिधि तिवारी ने डायल 100 एवं प्रभात गस्त में लगे सहायक उप निरीक्षक साहब लाल सिंह व आरक्षक संदीप पांडे को घटनास्थल पर भेजा। वहां पहुंच उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान में रखा करीब 9 लाख का मोबाईल व अन्य सामान जलकर खाक हो गया था।
