Newspost, MP State Desk, Bhopal.
मध्यप्रदेश की डॉ मोहन यादव सरकार ने एक तीर से कई निशाना लगाने का स्वागत योग्य पहल की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में गत 17 सितंबर विश्वकर्मा जयंती से 2 अक्टूबर गांधी जयंती तक देश भर में ‘स्वच्छता सेवा पखवाड़ा’ चलाया जा रहा है। इसी के तारतम्य में मुख्यमंत्री डॉ यादव ने आज भोपाल में एक ऐसी नवाचारी घोषणा की है जिसकी चर्चा प्रदेश भर में हो रही है।
क्या है सीएम की घोषणा ?
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने स्वच्छता सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए बड़ी घोषणा कर दी है। उन्होंने अपने नवाचारी घोषणा में कहा है कि “प्रदेश के निकायों में कार्यरत सफाई मित्रों को प्रोत्साहन राशि पुरस्कार दिया जाएगा।” आप सोच रहे होंगे कि इस घोषणा में विशेष क्या है और इससे एक साथ कई लक्ष्य कैसे साधे जा सकते हैं?
सफाई मित्रों को कितनी मिलेगी प्रोत्साहन राशि ?
आइए हम आपको बताते हैं। सीएम यादव ने अपनी घोषणा में आगे कहा है कि, प्रोत्साहन पुरस्कार किसी निकाय को स्वच्छता सर्वेक्षण में मिलने वाले स्टार रेटिंग के आधार पर दिया जाएगा। उन्होंने यह स्पष्ट किया है कि एक से 7 स्टार रेटिंग के साथ चयनित होने वाले निकाय के प्रत्येक सफाई मित्र को उनके शहर को मिले स्टार मानक के बराबर राशि उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप दी जाएगी। सर्वेक्षण में कचरा-मुक्त शहर का स्टार प्रमाणीकरण होगा जो प्रोत्साहन राशि का आधार होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नगरीय निकायों में कार्यरत सफाई मित्रों को उनके योगदान के प्रोत्साहन स्वरूप नगरीय निकायों को निश्चित राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की है। यदि किसी निकाय को एक स्टार का मानक प्रमाणन किया गया है तो वहाँ के सफाई मित्रों को एक-एक हजार तथा 7 स्टार रेटिंग वाले निकाय के सफाई मित्रों को 7-7 हजार रुपयों की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।

इस घोषणा से बढ़ेगी स्पर्धा-
मुख्यमंत्री की यह घोषणा बहु आयामी परिणाम देने वाली है। नवाचारी घोषणा का सकारात्मक प्रभाव सफाई मित्रों पर पड़ेगा, दूसरा इन कर्मचारियों का दबाव निकायों के अधिकारियों पर पड़ेगा और अंततः सभी श्रेणी में निकायों में रेटिंग सुधारने के लिए होड़ लगेगी और स्वच्छता के मामले में प्रदेश के छोटे बड़े शहरों की सफाई के पैमाने में गुणात्मक सुधार भी हो सकता है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला, डॉ वीडी शर्मा, विश्वास सारंग आदि उपस्थित थे।
