तहसीलदार व पटवारियों ने कर दी पेन डाउन हड़ताल, पटवारी दो दिन के सामूहिक अवकाश पर, तहसीलदार बेमियादी हड़ताल पर
तहसीलदार एवं पटवारियों ने राजस्व मंत्री व प्रमुख सचिव राजस्व के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
Newspost, MP Desk.
सिंगरौली। म.प्र. पटवारी संघ जबलपुर के जिलाध्यक्ष के खिलाफ दर्ज एफआईआर एवं आधारताल के तत्कालीन तहसीलदार के विरुद्ध दर्ज कराए गए आपराधिक प्रकरण को वापस लिये जाने की मांग ने तूल पकड़ लिया है। जिले में पदस्थ तहसीलदार आज गुरूवार से बेमियादी हड़ताल एवं पटवारी शुक्रवार तक अपनी मांगों के पक्ष में सामूहिक अवकाश पर रहेंगे।
कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुये म.प्र. राजस्व अधिकारी कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के प्रांताध्यक्ष के आह्वान पर जिले भर के तहसीलदारों ने संयुक्त रूप से राजस्व मंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुये कहा है कि हरि सिंह धुर्वे, तत्कालीन तहसीलदार आधारताल जिला जबलपुर के विरुद्ध जिला प्रशासन के द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर को वापस लिया जाए। इसके लिए कई बिन्दुओं का हवाला दिया है और कहा है कि जब तक शासन जबलपुर कलेक्टर एवं एसडीएम के द्वारा किये गए विधि विपरीत कार्रवाई पर कठोर निर्णय नहीं लेते, तब तक प्रदेश के समस्त अधिकारी गुरुवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे। दूसरी ओर म.प्र. पटवारी संघ के प्रांताध्यक्ष के आह्वान पर जिले के पटवारी भी 19 सितम्बर से सामूहिक अवकाश पर चले गए हैं। अब पटवारी सोमवार से कामकाज शुरू करेंगे।
पटवारी संघ सिंगरौली के जिलाध्यक्ष प्रभाकर सिंह ने बताया है कि पटवारी संघ जिला जबलपुर के अध्यक्ष जागेन्द्र पिपरी के विरुद्ध थाना विजयनगर में दोषपूर्ण एफआईआर दर्ज कराई गई है। 12 सितम्बर को उक्त एफआईआर दर्ज कराने के विरोध में पटवारी संघ ने ज्ञापन सौंपा था। किन्तु प्रदेश सरकार ने इस पर विचार नहीं किया। इसके चलते जिले के पटवारी आज से दो दिन तक सामूहिक अवकाश पर रहेंगे।
