📌 हिंडालको महान के स्थापना के पूरे हुए 15 साल
Newspost, Corporate Desk. A. Anand.
हिंडालको महान औद्योगिक संस्थान ने अपने सफल संचालन के 15 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस विशेष अवसर पर संस्थान में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। स्थापना दिवस के मौके पर कंपनी के इकाई प्रमुख सेन्थिलनाथ, पावर प्लांट हेड चंद्रशेखर सिंह और मानव संसाधन प्रमुख ने शुभकामना संदेश प्रेषित किए। इसके अलावा, वरिष्ठ अधिकारियों ने भी अपनी शुभकामनाएं दीं।
महान दर्पण त्रैमासिक ई हिंदी पत्रिका का शुभारंभ
हिंडालको महान के 15वे स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में इनहाउस हिंदी ई-पत्रिका "महान दर्पण" का शुभारंभ इकाई प्रमुख एस. सेन्थिलनाथ द्वारा किया गया। साथ ही हिंडालको महान के 15 साल पूर्ण होने पर संस्थान के 10 से अधिक विभागों ने केक काटकर स्थापना दिवस का उत्सव मनाया।

स्थापना दिवस के अवसर पर शीर्ष प्रबंधकों ने पौधा रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर समस्त कार्यरत कर्मचारियों को मिष्ठान वितरित किया गया।

सामूहिक भोज का हुआ आयोजन
स्थापना दिवस के कार्यक्रम का समापन सामूहिक भोज के साथ हुआ, जिसमें प्लांट में कार्यरत समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों ने एक साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया।
कंपनी के शीर्ष प्रबंधकों ने दिये संदेश
हिंडालको महान औद्योगिक संस्थान के 15 वर्षों की सफलता पर अपने संदेश में हिंडालको महान के इकाई प्रमुख एस. सेन्थिलनाथ ने कहा कि इस यात्रा में कंपनी ने अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। पावर प्लांट एवं अलुमिनियम प्लांट के सफल संचालन के 15 वर्ष पूरे होने पर, हम सब को गर्व महसूस हो रहा है। यह एक महान उपलब्धि है,जिसे हम सबने मिलकर हासिल किया है। इस अवसर पर, हम आप सभी का आभार व्यक्त करते हैं। आपके कड़ी मेहनत, समर्पण और दृढ़ संकल्प के बिना यह संभव नहीं हो पाता। आप सभी ने अपनी कुशलता, क्षमता और नवीन विचारों के साथ इन संयंत्रों को दशकों में सबसे प्रतिष्ठित और कुशल बनाया है।
•एस सेंथिल नाथ, परियोजना प्रमुख
कार्यक्रम में अपने प्रेषित संदेश में पावर प्लांट हेड चन्द्रशेखर सिंह ने कहा कि इस महत्वपूर्ण मील के पत्थर को पार करने में आपका अहम योगदान रहा है। आपकी कड़ी मेहनत, समर्पण और दृढ़ संकल्प ने इन संयंत्रों को देश के सबसे प्रतिष्ठित और कुशल संयंत्रों में से एक बना दिया है।
•पावर प्लांट हेड, चंद्रशेखर सिंह
कार्यक्रम में मानव संसाधन प्रमुख डॉ विवेकानंद मिश्रा ने कहा कि हमारे संयंत्रों में पर्यावरण के अनुकूल प्रौद्योगिकियों को अपनाया तथा ऊर्जा कुशल प्रक्रियाओं को लागू कर और सुरक्षा मानकों को अत्यधिक कड़ा करके, हमने न केवल उत्पादन में वृद्धि की है बल्कि ग्रीन एनर्जी और पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दिया है। हमने अकुशल लोगों को कुशल बनाकर उन्हें सतत रोजगार से जोड़ा है। प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष रूप से हज़ारों लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने में सफल हुये हैं। हमारे ग्राहकों और हितधारकों का विश्वास और समर्थन भी इस सफलता का एक महत्वपूर्ण पहलू है। हम उनकी आवश्यकताओं को पूरा करने और उनके साथ घनिष्ठ संबंध बनाए रखने में सक्षम रहे हैं। निगमित सामाजिक दायित्व के माध्यम से लोगों के जीवन स्तर को बेहतर भी बना रहे हैं।
•डॉ. विवेकानंद मिश्रा, मानव संसाधन प्रमुख
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार के सहयोग और समर्पण से संस्थान और भी ऊँचाइयों को छूने की आशा करता है।
