📌कलेक्टर चंद्रशेखर शुक्ला ने कंपनियों को चेताया- विस्फोटक प्रक्रिया में करें सुधार आमजन को न हो परेशानी
Newspost, MP Regional Desk.
सिंगरौली, मध्य प्रदेश। बुधवार, 10 जुलाई को कलेक्टर चन्द्रशेखर शुक्ला की अध्यक्षता में माइनिंग कंपनियों द्वारा की जाने वाली ब्लास्टिंग की प्रक्रिया, उसकी समय सारिणी एवं ब्लास्ट की तीव्रता यानि उससे होने वाली क्षेत्रीय भोगौलिक कंपन तथा उससे आम जनता व पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष बैठक की गई। इस बैठक में खनन कार्य कर रहीं विभिन्न औद्योगिक कम्पनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए थे।
खदानों की ब्लास्टिंग से आम जन के साथ स्कूली बच्चे भी प्रभावित
कलेक्टर ने बैठक में उपस्थित कम्पनी प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि ब्लास्टिंग प्रक्रिया में सुधार लाएं साथ ही यह सुनिश्चित करें कि ब्लास्टिंग के दौरान आमजन को कोई परेशानी न हो। ब्लास्टिंग के समय की जानकारी से आम जन को भी अवगत करायें। इस दौरान उन्होंने माइनिंग कम्पनियों के प्रतिनिधियों से उनके ब्लास्टिंग के समय व ब्लास्टिंग के कंपन से संबंधित क्षेत्र में पड़ रहे प्रभाव की जानकरी ली। माइनिंग कंपनियों को संबोधित करते हुए कहा कि ब्लास्टिंग गतिविधियों से माइंस के आस पास के रहवासी क्षेत्रों में आम जन को परेशानियों का सामना करना पड़ता है, इससे उनके आवासों को भी नुकसान पहुंचता है। इसके अलावा वर्तमान के ब्लास्टिंग का जो समय है उससे स्कूली बच्चे भी प्रभावित हो रहे हैं।
प्रसार माध्यमों से आम जन को ब्लास्टिंग टाइम की दें जानकारी- कलेक्टर
उन्होंने समस्त माइनिंग कंपनियों को निर्देश दिए कि वे अपने गतिविधियों से प्रभावित क्षेत्रों के ग्रामों का सर्वे करें और यह सुनिश्चित कर लें कि विस्फोटक प्रक्रिया से आमजन परेशान न हों। कलेक्टर ने निर्देश दिये कि ब्लास्ट टाइमिंग की सूचना जगह जगह चस्पा करायें। साथ ही इस जानकारी को न्यूज पेपर, सोशल मीडिया सहित कंपनी वेबसाइट, एनाउसमेंट के मध्यम से जनता तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि कंम्पनियां अपने विस्फोटक क्षमता और उसके होने वाले कंपन को मान्य दर में सीमित रखे। जहां पर आबादी ज्यादा है वह पर ब्लास्टिंग का समय जनता की सहूलियत के हिसाब से रखा जाए तथा इसकी सूचना रहवासियों सहित सम्बन्धित क्षेत्र के एसडीएम को भी दिया जाए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक निवेदिता गुप्त द्वारा कंपनियों को आमजनों से नियमित संचार और बातचीत करने के निर्देश दिए ताकि जन जागरण हो सके। उन्होंने कहा कि भविष्य में आम जनों को परेशानी न होने इसके लिए कम्पनियां अपने विस्फोटक प्रक्रिया व समय में सुधार करना होगा। बैठक के दौरान अपर कलेक्टर पीके सेनगुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा, एसडीएम सृजन वर्मा, सीएसपी पीएस परस्ते सहित विभिन्न औद्योगिक कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
