संदेहियों से पूछताछ में जियावन पुलिस ने किया हत्या कांड का पर्दाफाश, महिला सहित 4 आरोपी गिरफ्तार

Newspostg, Crime Desk.

सिंगरौली, मध्य प्रदेश। देवसर के माड़ीबांध गांव में शहीद मो. नामक एक सख्श के घर में दूसरे गांव का 17 साल के फिरोज का शव फांसी पर लटकता मिला। पुलिस ने इसे संदिग्ध मौत माना और विवेचना के दौरान कुछ संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। संदेही टूट ग‌ए और अंधीगुत्थी को सुलझाने में पुलिस को सफलता मिली। पुलिस ने एक ही परिवार से एक महिला सहित कुल 4 लोगों को आरोपी बनाया है। यह घटना आरोपियों के परिवार की एक लड़की को परेशान करने से जुड़ा बताया गया है।

पूरी घटना इस प्रकार है-

बीते 21 मई को जियावन थाना को सूचना मिली कि ग्राम माड़ीबांध निवासी शहीद मो. के घर में एक व्यक्ति की शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ है। इस सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा मृतक की पहचान ग्राम उमरहर निवासी फिरोज खान पिता अब्दुल अहाब उर्फ मुनीम बख्श, उम्र 17 साल के रूप में की गई। मौके पर उपस्थित मृतक के पिता अब्दुल अहाब उर्फ मुनीम बख्श ने पुलिस को बताया कि उनका लड़का फिरोज 20 मई को ग्राम माड़ीबांध निवासी शहीद मो. के बुलाने पर वहां गया था और रात को घर नहीं लौटा था। 21 मई की सुबह शहीद मो. के घर में लाश मिली थी। प्राथमिक जांच में पुलिस ने मृतक फिरोज आलम को संदिग्ध तथा  किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा गला दबाकर हत्या करना माना। बाद में इस बात की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी हो गई। तब थाना जियावन में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 302 ताहि. का अपराध पंजीबद्ध किया गया। 

इस संबंध में एसडीओपी देवसर के अनुसार घटना को एसपी निवेदिता गुप्ता ने गंभीरता से लेते हुए अज्ञात आरोपी की शीघ्र पता तलाश करने के लिए एएसपी शिवकुमार वर्मा को निर्देशित किया। तत्पश्चात एएसपी, एसडीओपी देवसर राहुल कुमार सैयाम, चितरंगी एसडीओपी आशीष जैन के मार्गदर्शन में निरीक्षक राजेन्द्र पाठक थाना प्रभारी जियावन के नेतृत्व में 23 मई को शहीद मो. उम्र 35 साल, हसीना खातून उम्र 34 साल, समसुद्दीन उम्र 68 साल तीनों निवासी माड़ीबांध एवं शमशेर उम्र 25 साल निवासी झखरावल थाना जियावन से फिरोज आलम के हत्या के मामले में पुछताछ शुरू की गई। पूछताछ के दौरान फिरोज की मौत का रहस्य बेपर्दा हो गया। 

एसडीओपी देवसर के अनुसार मृतक फिरोज की गला दबाकर हत्या करने के आरोप में शहीद मोहम्मद पिता शमसुद्दीन उम्र 35 साल, शमसुद्दीन पिता अब्दुल गफ्फार उम्र 68 साल, हसीना खातून पति शहीद मो. उम्र 34 साल सभी निवासी माड़ी बांध थाना जियावन जिला सिंगरौली, शमशेर मो. पिता शेख अब्दुल उर्फ बाबा उम्र 25 साल निवासी झखरावल को भादवि की धारा 302, 342, 120-बी, 34 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार कर लिया गया।

बताया गया कि ...

पुलिस के अनुसार मृतक फिरोज आरोपी शहीद के भतीजी को परेशान करता था। इसकी जानकारी किशोरी ने अपने मौसा शहीद मो. को दी थी। पुलिस ने यह भी बताया कि मृतक फिरोज आलम को साजिशन शहीद मो. ने अपने घर माड़ीबांध बुलाया और उसके साथ मारपीट की। यहाँ लड़की के भाई शमशेर को भी बुलाया गया था। सभी ने मृतक फिरोज आलम के साथ मारपीट कर दुपट्टा से गला दबाकर हत्या कर दी और सुबह सभी को यह बताया कि कोई व्यक्ति घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया है। 

उक्त कार्रवाई में टीआई राजेन्द्र पाठक, एसआई बीएल बंसल, एएसआई तेजबहादुर सिंह, प्रआर आशीष द्विवेदी, नीरज सिंह, रामसुन्दर विश्वकर्मा, आर नाथूलाल प्रजापति,  राहुल, खूम सिंह,  बिजेन्द्र सिंह, धीरज कुमार, महिला प्रआर सविता सिंह, महिला आर जयांजलि द्विवेदी, सावित्री सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *