सिंगरौली कलेक्टर के निर्देश पर सरई तहसीलदार ने की बडी कार्रवाई, नियमों की अवहेलना करने वालों में मचा हडकंप

Newspostg, Regional Desk, Bihari Lal Gupta.

सिंगरौली, मध्य प्रदेश। भीषण गर्मी में जिले में पेयजल की उपलब्धता को समुचित रूप से व्यवस्थित करने के लिये कलेक्टर चंद्रशेखर शुक्ला द्वारा संवेदनशील प्रयास किये गए हैं। कलेक्टर ने इस बाबत संबंधित विभागीय लोगों को निर्देश भी जारी किये हैं। उन्हीं निर्देशों के अनुपालन में सरई तहसीलदार ने एसडीएम देवसर की अनुमति के बिना नलकूप का उत्खनन कराये जाने की सूचना पर बुधवार को बड़ी कार्यवाही कर दी। निर्देशों की अवहेलना किये जाने की सूचना पर सरई तहसीलदार ने बोरिंग मशीन को जब्त कर सरई थाने के सुपुर्द कर दिया।

कलेक्टर के निर्देश:

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिंगरौली कलेक्टर चन्द्रशेखर शुक्ला ने अल्प वर्षा के चलते भू-जलस्तर गिरने से सिंगरौली जिले को जल अभावग्रस्त जिला घोषित किया है। जिले में नलकूपों के उत्खनन पर रोक लगाई गई है। निजी तौर पर नलकूपों के उत्खनन करने के पहले एसडीएम से अनुमति लेनी जरूरी है। 

पूरी घटना:

बुधवार की सुबह सरई के वार्ड नंबर 4 में सड़क के किनारे एक निजी भूमि पर बोरवेल उत्खनन की सूचना प्राप्त होने पर तहसीलदार सरई चंद्रशेखर मिश्रा मौके पर पहुंचे। यह सूचना सही पायी गई। वहां सरई के आराजी खसरा नं. 1590/2 के भूमि स्वामी रमेश पिता रघुवीर शाह के भूमि पर नलकूप के लिये उत्खनन कराया जा रहा था। बोरवेल मशीन के संचालक से उत्खनन के संबंध में एसडीएम से अनुज्ञा (लिखित अनुमति) प्राप्त होने की जानकारी मांगी। लेकिन उन्होंने अनुज्ञा नहीं होना बताया। जिस पर तत्काल बोरिंग मशीन वाले ट्रक क्रमांक एमपी 15 जी 0314 को जप्त किया गया एवं स्थल पर मौका पंचनामा की कार्यवाही के उपरांत जप्ती पत्रक तैयार कर वैधानिक कार्यवाही हेतु थाना सरई में वाहन को सुपुर्द नामा कराया गया है।

बताया गया कि सिंगरौली जिले में कलेक्टर द्वारा आमजन को पेयजल उपलब्ध कराने हेतु ब्लॉक स्तरीय बैठक का आयोजन कर स्वयं ग्रामवार समीक्षा की जा रही है। जलस्तर नीचे जाने के कारण पेयजल परीक्षण अधिनियम के तहत संपूर्ण जिले में आदेश जारी किया गया है। जिसके तहत बिना अनुज्ञा के कोई भी बोरवेल उत्खनन नहीं किया जा सकता है। तहसीलदार सरई श्री मिश्रा के द्वारा उक्त निर्देशों का पालन करते हुए बोरिंग वाहन को जप्त किया गया एवं वैधानिक कार्यवाही की गई। 

इस कार्यवाही के बाद से क्षेत्र में नियमों का पालन नहीं करने वालों के पसीने छूटने लगे हैं, उनमें हडकंप मचा हुआ है। इस कार्यवाही के दौरान तहसीलदार सरई चंद्रशेखर मिश्रा, हल्का पटवारी विनोद शाह, पटवारी वृहस्पति वर्मा सहित राजस्व विभाग का प्रशासनिक अमला उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *