सिंगरौली विद्यालय में माँ सरस्वती की प्रतिमा स्थापित

Newspost, City Desk, A. Anand.

सिंगरौली, मध्य प्रदेश। वसंत पंचमी के पावन अवसर, 14 फरवरी 2024 को सरस्वती शिशु मन्दिर उ.मा. विद्यालय सिंगरौली में विद्यारंभ संस्कार के पूर्व विधि विधान के साथ माँ सरस्वती की प्रतिमा को स्थापित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के व्यवस्थापक विनोद गोयल मुख्य यजमान रहे तथा प्रबंध समिति के पदाधिकारी व प्राचार्य- आचार्य व भगिनियों की उपस्थिति रही। विन्ध्यनगर में बसन्त पंचमी के अवसर पर सरस्वती पूजन की गई। साथ ही 3 से 5 वर्ष तक के शिशुओं का विद्यारम्भ संस्कार सम्पन्न कराया गया। मानव जीवन के 16 संस्कारों में विद्यारम्भ संस्कार भी एक महत्वपूर्ण आयाम है। 21 वेदियों एवं हवन कुण्डों के माध्यम से हवन-पूजन कर शिशुओं का विद्यारम्भ संस्कार कराया गया।

इस अवसर पर माँ सरस्वती का पूजन एवं अरुण-उदय के भैया-बहनों के द्वारा मंचीय कार्यक्रम अभिभावकों के आकर्षण का केन्द्र रहा। विद्यालय के भैया-बहनों के अतिरिक्त लगभग 311 की संख्या में अभिभावकों ने अपने शिशुओं का विद्यारम्भ संस्कार कराया। विद्यालय द्वारा विद्यारम्भ करने वाले भैया-बहनों को स्लेट उपहार में दी गई। इस आध्यात्मिक आयोजन के मुख्य अतिथि अनिल वाजपेयी- निरीक्षक, थाना विन्ध्यनगर, विशिष्ट अतिथि प्रवीर कुमार विश्वास-वरिष्ठ प्रबन्धक, मानव संसाधन एनटीपीसी, श्रीमती कामना शर्मा -वरिष्ठ प्रबन्धक, मानव संसाधन एनटीपीसी, राकेश अरोड़ा-वरिष्ठ प्रबन्धक, मानव संसाधन एनटीपीसी रहे। शिशुओं के उत्साहवर्धन हेतु समर्पण क्लब एवं प्रेमप्रकाश मिश्रा द्वारा नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। सेवानिवृत प्राध्यापक श्रीमती वीणा तिवारी ने छोटे भैया-बहनों को सारेगामा की व्याख्या कर अपने जीवन में पालन करने की अपील की। 

कार्यक्रम की अध्यक्षता संजय अग्रवाल-संयोजक, पूर्व छात्र परिषद् विन्ध्यनगर ने की। ऊर्जांचल विभाग के विभाग समन्वयक बैकुंठ शाह, विद्यालय प्रबन्धकारिणी समिति की सह व्यवस्थापिका श्रीमती गायत्री श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष पुनीत कुमार, पूर्व छात्र बाबूनन्दन बंसल-पार्षद, रविन्द्र कुमार-पार्षद के साथ अभिभावक बन्धु एवं समस्त विद्यालय परिवार सादर उपस्थित रहे। सम्पूर्ण कार्यक्रम का मार्गदर्शन विद्यालय के प्राचार्य मुद्रिका प्रसाद दुबे ने किया। विद्यारम्भ संस्कार, वेद उच्चारण पूजन हर्षवर्धन पाण्डेय एवं ओंकार दुबे द्वारा सम्पन्न कराया गया। 

शिशु मंदिर बिलौंजी, बैढ़न में सरस्वती पूजन के साथ हुआ विद्यारंभ संस्कार

बुधवार माघ शुक्ल पक्ष तिथि पंचमी को सरस्वती पूजन उत्सव के साथ-साथ 3 से 5 वर्ष तक के शिशुओं का विद्यारंभ संस्कार संपन्न हुआ। विद्यालय में सरस्वती पूजन अखिलेश्वर प्रसाद पाण्डेय द्वारा कराया गया। मां सरस्वती के पूजा अर्चना हेतु सरस्वती शिक्षा परिषद के जिला सचिव डॉ सुशील सिंह चंदेल, विद्यालय के प्राचार्य सुरेंद्र कुमार निगम, प्रधानाचार्य हनुमान प्रसाद द्विवेदी एवं अभिभावक रोहित पटेल, विरल पटेल, योगेश पटेल, जिगिशा पटेल यजमान के रूप में उपस्थित रहे। विद्यारंभ संस्कार में 187 शिशुओं का विद्यारम्भ संस्कार (पाटी पूजन) कराया गया। इसी बीच में शिशु वाटिका के भैया बहनों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति भी दी गई।
सरस्वती पूजन उत्सव के उपलक्ष्य में विद्यालय के व्याख्याता आदित्य कुमार द्विवेदी एवं रमेश कुमार दुबे के निर्देशन में कक्षा एकादश जीव विज्ञान समूह के भैया बहनों द्वारा निर्मित हस्तलिखित पत्रिका (स्वर्णिम) का विमोचन जिला सचिव एवं प्राचार्य द्वारा किया गया। कार्यक्रम में लगभग 315 अभिभावकों के साथ साथ विद्यालयीन समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *